Bus Accident: बस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 3 यात्रियों को उदयपुर अस्पताल (Udaypur hospital) से मेडिकल कॉलेज अस्पताल किया गया रेफर, अलसुबह हुआ हादसा (Accident)
उदयपुर. रायपुर से गढ़वा जा रही महिंद्रा बस मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुमगा के समीप सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। (Bus Accident)
इस दौरान अधिकांश यात्री नींद में थे। बस पलटते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए, इनमें से 3 को गंभीर चोट आने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (Medical college Hospital) रेफर किया गया है।
रायपुर से गढ़वा जा रही महिंद्रा बस क्रमांक सीजी 19 एफ-0272 मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुमगा के पास अनियंत्रित होकर पलट (Bus Accident) गई। दुर्घटना सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के चक्कर में हुई। बस पलटने से डेढ़ दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। इस दौरान सभी नींद में थे।
इसी बीच किसी ने 108 पर कॉल किया व पुलिस को घटना की सूचना दी। 15 मिनट के भीतर 108 की टीम ईएमटी कृष्णा श्रीवास व उदयपुर पुलिस थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा, एएसआई अजीत मिश्रा, राजेन्द्र प्रताप सिंह तथा आरक्षक सचिन बड़ा मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला।
संजीवनी 108 वाहन ने घायलों के लिए संजीवनी का काम करते हुए 9 लोगों को आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा देते हुए पहली बार में अस्पताल पहुंचाया, इसमें तीन गंभीर रूप से घायल भी शामिल थे। घायलों की संख्या ज्यादा होने पर उदयपुर 108 की टीम दूसरी बार घायलों को लेने घटना स्थल रवाना हुई तथा लखनपुर के 108 की टीम को भी बुलाया गया। दोनों एम्बुलेंस के माध्यम से 11 लोगों को फिर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
इधर घटना की सूचना पर उदयपुर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अर्पित सिंह पहले से तैयारी में थे। इनके साथ स्टाफ नर्स अंजना भगत व पिंकी खलखो ने घायलों के पहुंचने के बाद सबसे पहले गम्भीर मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की। इसके बाद अन्य घायलों का भी प्राथमिक उपचार किया गया।
दो यात्रियों को कंधे में चोट थी तथा एक यात्री का हाथ टूट गया था। एक व्यक्ति के सिर में तथा अन्य घायलों के सिर, पैर पीठ व हाथ मे चोटें आई थी।
3 गंभीर घायल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर
हादसे में गम्भीर रूप से घायलों में से 3 लोगों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। तीनों घायलों को उदयपुर के संजीवनी 108 के माध्यम से पायलट कृष्णा कुमार व ईएमटी कृष्णा द्वारा सकुशल अंबिकापुर पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर उदयपुर तहसीलदार सुभाष शुक्ला सुबह 5 बजे अस्पताल पहुंचे तथा तथा घायलों का हाल चाल जानने के बाद घटना स्थल के लिए रवाना हुए।
वहां पहुंच कर सुरक्षित यात्रियों से चर्चा की। उदयपुर उप सरपंच शेखर सिंह भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दुर्घटना में सुरक्षित यात्रियों व हल्की चोट वाले मरीजों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।
हादसे में ये हुए घायल
बस हादसे में झारखंड के साथ ही बलरामपुर जिले के यात्री घायल हुए हैं। इनमें भैरोनाथ, विशुन कुमार, इंद्रदेव, संजय कुमार, दिनेश कुमार, विजय दास, धनुकधारी सिंह, विकास, रामलखन चौधरी, विजय राम, वकील दास, नवल महतो, देवनाथ व अन्य यात्री शामिल हैं।