Chhattisgarh Viral Video: पुराने विवाद व थाने में एफआईआर दर्ज कराने की बात पर आरोपियों ने फर्नीचर का काम करने वाले 5 युवकों को बेदम मारा, सभी को अस्पताल में कराया गया भर्ती, करीब 1 दर्जन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
Chhattisgarh Viral Video.अंबिकापुर में काम कराने के बहाने फर्नीचर बनाने वाले 5 युवकों को सोमवार की रात पेट्रोल पंप पर बुलाकर 1 दर्जन बदमाशों ने चाकू, हथौड़े व लाठी-डंडे से हमला कर दिया (Goons attack)। हमले में पांचों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी का सिर जहां फट गया है, वहीं चाकू के वार से एक युवक के पेट की अंतड़ियां बाहर निकल आई हैं। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
गंभीर हालत में सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, यहां से एक युवक को रेफर कर दिया गया। पुराने विवाद व थाने में मारपीट की एफआईआर कराने को लेकर पूरे वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने 3 बदमाशों को हिरासत में लिया है।
बिहार के एक ही परिवार के 5 युवक नीरज शर्मा, विकास शर्मा, सोनू शर्मा, विशाल शर्मा और संतू शर्मा अंबिकापुर के केदारपुर में किराए के मकान में रहकर फर्नीचर बनाने का काम करते हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार को संतू शर्मा को शहर के संजय पार्क के पास रहने वाले संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, अनिल शर्मा व विक्की शर्मा ने गांधीनगर थाना क्षेत्र में बुलाया और उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद उन्होंने संतू से कहा था कि थाने में रिपोर्ट मत दर्ज कराना। इधर संतू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
इसी बीच जब आरोपियों को यह सूचना मिली कि उनके खिलाफ गांधीनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है तो सोमवार की रात उन्होंने किसी दूसरे से फोन कराकर फर्नीचर का काम दिलाने के नाम पर रामानुजगंज मार्ग पर तकिया मोड़ के पास स्थित रवि फ्यूल्स पर मिलने बुलाया।
काम की बात सुनकर संतू शर्मा अपने परिवार के अन्य सदस्यों नीरल, विकास, सोनू और विशाल के साथ रात सवा 11 बजे पेट्रोल पंप के पास पहुंचा। इस दौरान यहां पहले से खड़े संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, अनिल शर्मा व विक्की शर्मा समेत करीब 1 दर्जन युवकों ने उनपर लाठी-डंडे, चाकू व हथौड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मारपीट से बचने एक युवक पेट्रोल पंप के मैनेजर के केबिन में घुस गया, लेकिन पीछे से पहुंचे बदमाशों ने वहां उसके ऊपर चाकू व हथौड़े से लगातार प्रहार कर दिया। इससे उसका सिर फटने के अलावा पेट की अंतडिय़ां भी बाहर निकल गईं।
Chhattisgarh Viral Video: मारपीट के बाद सभी आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए। इधर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पांचों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, यहां सभी का इलाज जारी है।
एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी संतोष शर्मा, अरविंद शर्मा, अनिल शर्मा व विक्की शर्मा समेत करीब 1 दर्जन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर 3 युवकों को हिरासत में लिया है।
Chhattisgarh Viral Video: बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष के लोग बिहार में एक ही गांव के रहने वाले हैं। वहां भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है तथा थाने में एफआईआर भी दर्ज है। संभवत: उक्त पुराने विवाद को लेकर ही मारपीट की वारदात को फिर से अंजाम दिया गया।