
अंबिकापुर। सेंट्रल जेल अंबिकापुर के अधीक्षक के सरकारी बंगले के पीछे तालाब में शुक्रवार की दोपहर एक व्यक्ति का शव (Dead body found in pond) मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी समेत पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा शव तालाब से बाहर निकलवाया गया। शव की पहचान कृषि विभाग लखनपुर में पदस्थ लिपिक के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि लिपिक का मकान भी उसी इलाके में स्थित है। वह 4 दिन से घर से लापता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आत्महत्या व हत्या दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
शहर के बाबूपारा निवासी सीताराम लकड़ा कृषि विभाग लखनपुर में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था तथा पिछले 4 दिन से घर से लापता था। घरवाले उसकी खोजबीन में जुटे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। इसी बीच शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे मोहल्लेवासियों ने जेल अधीक्षक (Central jail Superintendent) के बंगले के पीछे तालाब में एक व्यक्ति का शव देखा।
उसका पूरा शरीर तालाब में डूबा था, जबकि सिर ऊपर दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना मोहल्लेवासियों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रितेश चौधरी अन्य पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरु की। पुलिस ने शव निकलवाकर स्थानीय लोगों से शिनाख्त (Dead body identify) कराई। इस दौरान उसकी पहचान सीताराम लकड़ा के रूप में की गई।
पुलिस (Surguja police) ने शव का मौके पर पंचनामा किया और उसे बरामद कर पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंचे थे। वहीं घटनास्थल पर मोहल्लेवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा। बताया जा रहा है कि यह तालाब अनुपयोगी है तथा कचरों से भरा पड़ा है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह तालाब में कैसे पहुंचा। पुलिस आत्महत्या या हत्या के एंगल से मामले की जांच की बात कह रही है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।