Collector angry: राम वनगमन पर्यटन परिपथ पर रामगढ़, महेशपुर, मैनपाट (Mainpat) एवं सीतापुर तक सड़क के दोनों किनारे कहा पौधरोपण (Plantation) कराने
अंबिकापुर. कलेक्टर संजीव कुमार झा (Surguja Collector) ने बुधवार को वन विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं तथा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आवर्ती चराई योजना अंतर्गत गोठान निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी योजना के अंतर्गत गोठान निर्माण शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता के क्रम में है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरते।
गोठान निर्माण में किसी प्रकार की समस्या हो तो सम्बंधित अधिकारियो से समन्वय करें और पूरा कराएं। योजनाओं के क्रियान्वयन में कोताही न बरतें। लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि अब तक केवल 19 गोठान ही आवर्ती चराई के तहत पूर्ण हुए है जबकि करीब 52 बनाए जाने है। स्थल चयन पहले ही कर लिया गया है। केवल निर्माण में विलंब खेद जनक है। सभी रेंजर इसमे विशेष रुचि लेकर शीघ्रता से पूरा कराएं।
उन्होंने राम वनगमन पर्यटन परिपथ अंतर्गत सड़क किनारे वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए कहा कि रामगढ़, महेशपुर, मैनपाट एवं सीतापुर तक सड़क के दोनों ओर वृक्षारोपण करें तथा महेशपुर में रेड़ नदी के किनारे नदी तट वृक्षारोपण के तहत पेड़ लगाए।
उन्होंने कहा कि नरवा घटक के तहत जल संवर्धन हेतु विभिन्न नालों में बनाए जा रहे संरचना के निर्माण में भी तेजी लाएं। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार लंगेह, डीएफओ पंकज कमल सहित एसडीओ और वन क्षेत्रपाल उपस्थित थे।
किसानों को दिलाएं अधिक से अधिक लाभ
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री वृक्षरोपण प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र प्राप्त किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं।
किसानों को योजना के संबंध में जानकारी दें और फलदार पौधों के साथ ही इमारती पेड़ लगाने तथा पौधों के बीच के खाली जमीन में सब्जी की खेती के लिए इंटरकॉप की जानकारी भी दें। उन्होंने कहा कि वन विभाग में संचालित योजनाएं किसानों तथा वनांचल के ग्रामीणों से सीधा जुड़ा होता है।