Crime in Ambikapur : बेटी को घर में खेलता छोड़ मां निपटा रही थी घर का काम, रिश्ते में लगने वाले बड़े पिता ने गला दबाकर की हत्या (Murder) फिर बोला- पहुंचा दिया हूं परलोक
अंबिकापुर. 4 माह की लाडली बेटी को घर की परछी में खेलता छोड़ मां बर्तन मांज रही थी। इसी बीच रिश्ते में लगने वाले जेठ ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और कमरे में रख आया। बर्तन मांजकर जब छोटे भाई की पत्नी ने जेठ से बेटी के बारे में पूछा तो वह भीतर से गोद में उसे लेकर आया और बोला- इसे परलोक पहुंचा दिया हूं।
यह सुनते ही मां का कलेजा फट पड़ा और वह दहाड़ मार-मारकर रोने लगी। फिर तत्काल ही पति को इसकी सूचना दी और बेटी को अस्पताल लेकर पहुंची। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला 16 जुलाई को सरगुजा जिले के उदयपुर थानांतर्गत ग्राम साल्ही का है। यहां का निवासी उदयभान पोर्ते पिता रामेश्वर 27 वर्ष अपनी पत्नी व 4 माह की बेटी के साथ रहता था। रिश्ते में लगने वाला उसका बड़ा भाई सज्जन पोर्ते 32 वर्ष भी साथ में ही रहता था। घटना दिवस घर के सभी पुरुष सदस्य खेत में काम करने चले गए थे।
इस दौरान उदयभान की पत्नी अपनी 4 माह की मासूम बेटी के साथ घर में थी। वहीं सज्जन भी इस दौरान घर पर था। शाम करीब साढ़े 4 बजे उदयभान की पत्नी मासूम बेटी को पड़ोस की 4 वर्षीय बालिका के पास छोड़कर बर्तन मांज रही थी। कुछ देर बाद बालिका भी मासूम को वहीं छोड़कर किसी महिला के साथ चली गई।
जब उदयभान की पत्नी बर्तन मांजकर घर में घुसी तो मासूम बेटी को न देख जेठ सज्जन से पूछा। उसने कहा कि बेटी कहां है। इस पर सज्जन घर के भीतर घुसा और मासूम को गोद में लेकर निकला, फिर बोला कि उसने उसकी बेटी को परलोक पहुंचा दिया है।
यह सुनते ही मां का कलेजा फट पड़ा और वह दहाड़ मार-मारकर रोने लगी। आरोपी ने मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
मासूम बेटी को गोद में लेकर बिलखती मां ने पड़ोसियों की मदद से पति व अन्य परिजन को घर बुलाया। इसके बाद बेटी को लेकर तत्काल उदयपुर अस्पताल पहुंचे। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना उदयपुर पुलिस ने आरोपी जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।