
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक बड़े किसान व उसकी पत्नी की 16 अगस्त की रात उनके बेटे ने ही टांगी से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या (Father-mother murder) कर दी थी। हत्या करने के बाद उसने शवों को ठिकाने लगाने की नीयत से अलग-अलग बोरे में बांध दिया था। उसने शवों को कमरे में बंद कर ताला लगा दिया और फरार हो गया था। सुबह छोटा भाई पहुंचा और तीनों की खोजबीन करने लगा। नहीं मिलने पर घर के एक कमरे में बंद ताला देख उसने तोड़ा तो उसके होश उड़ गए। बोरे में उसके माता-पिता की लाश बंधी थी, जबकि बड़ा भाई फरार था। इस दोहरे हत्याकांड के आरोपी पुत्र को पुलिस ने 5 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पारिवारिक झगड़े की वजह से उसने दोनों की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा निवासी हीराधर यादव 55 वर्ष अपने पत्नी गुलाबी यादव 50 वर्ष व बड़े बेटे जदू यादव 34 वर्ष के साथ गांव के ही पुराने मकान में रहता था। हीराधर यादव क्षेत्र का बड़ा किसान (Farmer murder case) था। जबकि उसका छोटा बेटा मोहन यादव पत्नी के साथ गांव में ही अलग घर बनाकर रहता है। 17 अगस्त की सुबह मोहन अपने पिता के घर दूध लेने आया तो घर बंद था।
दरवाजा खोलकर अंदर गया तो कमरे में ताला बंद था और घर में माता-पिता व उसका बड़ा भाई नहीं दिख रहे थे। उसने कमरे में लगे ताले को तोड़ा और भीतर घुसा तो नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। बंधी बोरी में खून से सने माता-पिता का शव था।
जबकि उसका बड़ा भाई घर से गायब था। घटनास्थल के पास गोबर से लिपा हुआ था। मोहन ने घटना की जानकारी धौरपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले (Double murder) की जांच की।
मृतक दंपति के बड़ा बेटा घटना के बाद से फरार था। घटना के चौथे दिन पुलिस ने दंपति के बड़ा बेटा जदू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात (Brutal murder) को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद पर माता-पिता की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। साक्ष्य को छुपाने के लिए उसने पहले गोबर से घटनास्थल के पास लिपाई की। उसके बाद शव को बोरी में भरकर कर कमरे में बंद कर फरार हो गया था।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी (Crime in Surguja) को बीएनएस की धारा 103(1) व 238 के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी नहीं हुई थी, जबकि उसके छोटे भाई की शादी हो चुकी थी। माता-पिता से वह शादी कर देने की बात कहता था, लेकिन उसके सनकी होने की वजह से शादी नहीं हो रही थी।