अंबिकापुर

भीषण सड़क दुर्घटना : मिनी ट्रक में लटकी रही लाश, हादसे की तस्वीर देख दहल जाएगा दिल

अंबिकापुर-राजपुर मार्ग पर ग्राम परसा के पास हुआ दर्दनाक हादसा, मिनी ट्रक में सवार 3 की हालत गंभीर
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 7:38 PM IST
Mini truck accident
Driver body in mini truck

अंबिकापुर. अंबिकापुर-राजपुर रोड स्थित केपी अजिरमा से गिट्टी लोड कर आ रहा मिनी ट्रक बुधवार की दोपहर ग्राम परसा के पास हादसे का शिकार हो गया। अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे क्लिंकर लोड ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मिनी ट्रक के ड्राइवर की लाश कांच तोड़ते हुए बाहर लटक गई।

हादसे में मिनी ट्रक में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इधर जेसीबी की मदद से ड्राइवर की लाश काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाली गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।


ग्राम परसा घुटरापारा निवासी राजकुमार पैंकरा 22 वर्ष ड्राइवर था। बुधवार को वह 3 मजदूरों को लेकर मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 15 सीए- 3908 में गिट्टी लोड करने ग्राम केपी अजिरमा गया था। गिट्टी लोड कर कर वह दोपहर पौने 3 बजे अंबिकापुर की ओर जा रहा था।

वह ग्राम परसा स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा ही था कि अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे क्लिंकर लोड ट्रक क्रमांक जेएच 02 एएम-3231 ने टक्कर मार दी। ट्रक बिहार जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

ड्राइवर की लाश मिनी ट्रक की कांच तोड़ते हुए बाहर निकलकर वाहन में ही फंसी रही। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। घायलों के नाम का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।


जेसीबी लगाकर निकाली गई लाश
ड्राइवर की लाश का निचला हिस्सा मिनी ट्रक के इंजन में फंसा था। करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद पुलिस ने जेसीबी से उसकी लाश बाहर निकाली। घटनास्थल पर मृतक के परिजन भी पहुंच चुके थे। वे राजकुमार की लाश देख बिलख-बिलख कर रोने लगे।

Published on: