
अंबिकापुर. अंबिकापुर के सीएसपी समेत 3 पुलिसकर्मियों पर हवाला (Hawala) के माध्यम से 1 करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत लेने के गंभीर आरोपों के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। मामला संज्ञान में आने के बाद आईजी दीपक झा ने मामले में शामिल एएसआई व आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। बता दें कि हवाला चैनल के माध्यम से 1 करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत लेन-देन का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो में आईपीएस राहुल बंसल का नाम आया है, जो वर्तमान में अंबिकापुर सीएसपी हैं।
दिल्ली की विशेष सीबीआई अदालत ने शिकायत पर प्रथमदृष्ट्या संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ डीजीपी, सीबीआई निदेशक तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। साथ ही डीजीपी (Chhattisgarh DGP) से पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट और सीबीआई से शिकायत पर अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।
बता दें कि विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम)/सीबीआई-11 सुधांशु कौशिक की अदालत में 1 जुलाई 2026 को आकाश कुमार की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 175(3) के तहत नई शिकायत प्रस्तुत की गई थी। अदालत ने इसे जांच के लिए पंजीबद्ध करने के निर्देश दिए हैं।
सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता मनमीत सिंह उपस्थित रहे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर में पदस्थ एक आईपीएस राहुल बंसल ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ आरक्षक व एएसआई (Constable and ASI) के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस षड्यंत्र के तहत हवाला चैनल के माध्यम से 1 करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत की मांग की गई और उसे स्वीकार भी किया गया।
शिकायत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 एवं 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 308 एवं 351 के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ शपथ-पत्र भी संलग्न किया गया है।
इस संबंध में आईजी दीपक झा ने कहा कि साइबर थाने में फ्रॉड का मामला दर्ज है। मामले में अलग-अलग राज्यों से २३ आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मामले के विवेचक सीएसपी व अन्य के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में शिकायत की गई है। वर्तमान में जांच में सीएसपी द्वारा कोई भी तथ्य प्रस्तुत नहीं किया गया है।
जो ऑडियो कॉल की रिकॉडिंग है, उसके संबंध में जांच-पड़ताल (Hawala case investigation) की जा रही है। जिन लोगों के बीच में बातचीत होना बताया जा रहा है, उनके संबंध में भी जांच की जा रही है। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आईजी ने कहा कि आरक्षक व एसआई को लाइन अटैच कर दिया गया है।