
अंबिकापुर। Kabra Elephant: सरगुजा संभाग के बलरामपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिले में अब तक 19 लोगों की जान ले चुके कबरा कान हाथी की निगरानी के लिए वन विभाग ने छह दिनों की मशक्कत के बाद उसके गले में हाई फ्रीक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया था। उम्मीद थी कि इसके जरिए हाथी की लोकेशन आसानी से ट्रेस की जा सकेगी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखकर ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा। लेकिन कॉलर लगाने के चार दिन बाद भी सिस्टम चालू नहीं हो पाया है। मोबाइल पर हाथी की लोकेशन का मैसेज नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में रेडियो कॉलर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
इधर, रात के समय कोहरा और बारिश के बीच कबरा कान वनकर्मियों की आंखों के सामने से ओझल हो गया। रात से ही उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। वन विभाग के ट्रेकर और कर्मचारी रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में हाथी के पैरों के निशान के आधार पर उसकी तलाश कर रहे हैं। रेडियो कॉलर सिस्टम के साथ मिले एंटीना की मदद से भी हाथी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अब तक टीम को उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिल पाई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कबरा कान के गले में लगाया गया रेडियो कॉलर दक्षिण अफ्रीका की एक कंपनी से खरीदा गया है। कॉलर लगाने के बाद से ही इसकी तकनीकी दिक्कत सामने आ रही है। मोबाइल पर लोकेशन का मैसेज नहीं मिलने के कारण अधिकारी लगातार संबंधित कंपनी से संपर्क कर रहे हैं। कंपनी की ओर से रेडियो कॉलर को ठीक करने का भरोसा दिया जा रहा है।
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस रेडियो कॉलर को हाथी की निगरानी के लिए लगाया गया था, वह चार दिन बाद भी काम क्यों नहीं कर रहा है? जंगल में हाथी की मौजूदगी और उसकी दिशा का पता लगाने के लिए वन विभाग को अब कर्मचारियों और ट्रेकर की मदद लेनी पड़ रही है।
कबरा कान (Kabra Elephant) को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। 18 नवंबर को टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज कर बेहोश किया था। इसके बाद उसके गले में हाई फ्रीक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया। इस दौरान उसे बेड़ियों में जकड़कर जंगल में छोड़ा गया था, ताकि उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। शुरुआती समय में वह ज्यादा मूवमेंट नहीं कर पाया था। वाइल्डलाइफ की टीम उसकी निगरानी के साथ उसके व्यवहार का अध्ययन भी कर रही थी।
इसके बाद 19 नवंबर को उसे बेड़ियों से आजाद कर दिया गया। वन विभाग को उम्मीद थी कि रेडियो कॉलर के माध्यम से उसकी लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिलती रहेगी। लेकिन सिस्टम के चालू नहीं होने से निगरानी का पूरा काम प्रभावित हो रहा है।
रात में कोहरा और बारिश के बीच कबरा कान जंगल में ओझल हो गया। इसके बाद से वन विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में हाथी के पैरों के निशान मिले हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर ट्रेकर और वनकर्मी जंगल के भीतर आगे बढ़ रहे हैं। रेडियो कॉलर के साथ दिए गए एंटीना की मदद से भी हाथी की मौजूदगी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, कॉलर से मोबाइल पर लोकेशन का मैसेज नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को काफी परेशानी हो रही है। ऐसे में जिस तकनीक के भरोसे हाथी की निगरानी की जानी थी, फिलहाल उसकी तलाश पारंपरिक तरीके से करनी पड़ रही है।
बता दें कि कबरा कान (Kabra Elephant) समेत अन्य हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सरमा, चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे थे। 16 नवंबर को वन विभाग ने कुमकी हाथियों की मदद से कबरा कान को काबू में करने की कोशिश की थी। इस दौरान कबरा कान और कुमकी हाथियों के बीच भिड़ंत हो गई थी।
कबरा कान ने कुमकी हाथियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस वजह से टीम को ट्रैंकुलाइजर गन का इस्तेमाल करने का सुरक्षित मौका नहीं मिल पाया। इसके बाद वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और उसे पकड़ने के लिए आगे की रणनीति तैयार की।
कबरा कान को पकड़ने का अभियान जारी रहने के बीच हाथियों के दूसरे दल की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत बनी हुई थी। सोमवार रात हाथियों का एक दल चकेरी बस्ती में घुस गया था। इस दौरान हाथियों ने एक भैंस को मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया।
हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। ऐसे में कबरा कान की लोकेशन का पता नहीं चल पाना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। रेडियो कॉलर के जल्द चालू होने की उम्मीद में अधिकारी कंपनी के संपर्क में हैं, वहीं दूसरी ओर वनकर्मी जंगल में उसके पैरों के निशान के सहारे तलाश अभियान चला रहे हैं।