अंबिकापुर

Surguja Land Fraud: राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश से अपने नाम कराना चाहता था 2.86 हेक्टेयर जमीन, 1 गिरफ्तार, दूसरा फरार

Land Fraud in surguja: पुलिस ने कूटरचित आदेश की सत्यापित प्रति की जब्त, नायब तहसीलदार ने थाने में दर्ज कराई थी मामले की रिपोर्ट, दूसरे आरोपी की तलाश जारी
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 8:36 PM IST
Land Fraud Accused Arrested
Surguja Land Fraud, आरोपी मो. मुस्लिम फिरदौसी (Photo- Patrika)

अंबिकापुर। कूटरचित राजस्व आदेश को असली बताकर भूमि अपने नाम कराने के प्रयास के मामले में सरगुजा जिले की लुण्ड्रा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार (Land fraud accused arrested) किया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर राजस्व मंडल बिलासपुर के फर्जी आदेश के आधार पर जमीन अपने नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। जांच में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद नायब तहसीलदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय लुण्ड्रा में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक ग्राम खाराकोना निवासी मुस्लिम पिता स्व. मोहिउद्दीन और उसके साथी ने एसडीएम धौरपुर के न्यायालय में राजस्व मंडल बिलासपुर (Bilaspur Revenue Board) के प्रकरण क्रमांक एम/16/आर/07/2019 आदेश दिनांक 1 जून 2019 की कूटरचित प्रति प्रस्तुत की थी।

इस आदेश को वास्तविक बताकर खाराकोना स्थित खसरा नंबर 814/1, 814/3 एवं 814/4 की कुल 2.86 हेक्टेयर भूमि अपने नाम कराने के लिए 11 दिसंबर 2023 को आवेदन दिया गया था। राजस्व विभाग की जांच में प्रस्तुत आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया। इसके बाद थाना लुण्ड्रा में धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा जब्त दस्तावेजों (Fake Documents) के आधार पर ग्राम खाराकोना निवासी मो. मुस्लिम फिरदौसी पिता स्व मोहिउद्दीन 55 वर्ष की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर राजस्व मंडल बिलासपुर के कूटरचित आदेश की सत्यापित प्रति भी जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

Land Fraud: दूसरे आरोपी की तलाश जारी

इस प्रकरण (Land Fraud Case) में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस उसकी पतासाजी कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक अच्युतचंद तिवारी, सहायक उप निरीक्षक विशाल मिश्रा, आरक्षक राजकुमार यादव, इबनुल खान, शिवप्रसाद खलखो और वीरेंद्र खलखो सक्रिय रहे।

Updated on:
26 Nov 2026, 8:36 PM IST
Published on: