अंबिकापुर

LPG gas cylinder: सर्वर डाउन होने से सरगुजा में गैस बुकिंग ठप, 124 घरेलू सिलेंडर जब्त, कलेक्टर बोले- पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर न दें ध्यान

LPG gas cylinder: व्यावसायिक एलपीजी कैस सिलेंडर के वितरण पर रोक, कालाबाजारी की सामने आई शिकायत, खाद्य विभाग ने 3 दुकानों में छापा मारकर जब्त किए घरेलू सिलेंडर, सप्लाई अवधि 15 से बढ़ाकर किया गया 25 दिन

3 min read
Consumers in LPG gas agency (Photo source- Patrika)

अंबिकापुर. सरगुजा जिले में रसोई गैस (LPG gas cylinder) को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढऩे लगी है। सर्वर डाउन होने के कारण गैस की बुकिंग पर्ची नहीं कट पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि जहां पहले प्रतिदिन 300 से 400 बुकिंग होती थी, वहीं पिछले तीन से चार दिनों से मात्र 10 से 12 बुकिंग ही हो पा रही है। अमेरिका-इजराइल व ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण लोगों के मन में यह बात आ गई है कि गैस की किल्लत होने वाली है। ऐसे में सभी सिलेंडर की बुकिंग करने टूट पड़े हैं। इधर कलेक्टर का कहना है कि जिले के सभी एजेंसियों में पर्याप्त एलपीजी गैस उपलब्ध हैं, अफवाहों पर ध्यान न दें।

सर्वर समस्या के कारण गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ लगने लगी है। हालांकि खाद्य विभाग व एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें

OPium seized in Balrampur: कुसमी में खेत में लगी 43 क्विंटल अफीम जब्त, कीमत है 4.75 करोड़ रुपए, 7 आरोपी गिरफ्तार

उनके अनुसार अफवाहों के चलते लोग बड़ी संख्या में ऑनलाइन बुकिंग करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ गया है और यह बार-बार डाउन हो रहा है। इधर प्रशासन द्वारा व्यवसायिक गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) के वितरण पर फिलहाल पूरी तरह रोक लगा दी गई है। केवल अस्पतालों को ही रसोई गैस उपलब्ध कराने की अनुमति दी गई है।

Young man with Gas cylinder (Photo source- Patrika)

इसके चलते शहर के होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों में हडक़ंप की स्थिति बन गई है। इस बीच रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आने लगी हैं। बताया जा रहा है कि कुछ बिचौलिए घरेलू गैस सिलेंडर को 1800 से 2000 रुपए तक में बेच रहे हैं।

15 दिन की जगह 25 दिन में मिलेगी गैस

गैस एजेंसियों के अनुसार फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) की आपूर्ति जारी है, लेकिन वितरण अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।

जिले में 2 लाख से अधिक उपभोक्ता

सरगुजा जिले में 3 प्रमुख कंपनियों के माध्यम से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को रसोई गैस (LPG gas cylinder) की आपूर्ति की जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जिले में 2 लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं, जिनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थी और सामान्य उपभोक्ता दोनों शामिल हैं।

LPG gas cylinder: ये है उपभोक्ताओं की स्थिति

  • एचपी गैस एजेंसियों से करीब 1 लाख 377 उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें 48 हजार 525 पीएमयूवाई और 51 हजार 852 सामान्य उपभोक्ता शामिल हैं।
  • इंडेन गैस एजेंसियों के पास लगभग 73 हजार 106 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें 54 हजार 421 पीएमयूवाई और 18 हजार 685 सामान्य उपभोक्ता हैं।
  • भारत गैस एजेंसियों के साथ भी जिले में 39 हजार से अधिक उपभोक्ता जुड़े हुए हैं।

124 नग अवैध गैस सिलेंडर जब्त

कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG gas cylinder) के अवैध भण्डारण एवं वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में खाद्य विभाग द्वारा अवैध रूप से भण्डारित घरेलू गैस सिलेंडरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

Illegal gas cylinder seized (Photo- PRO)

खाद्य अधिकारी के अनुसार जांच के दौरान तुलसी छत्तीसगढ़ गैस एजेंसी उदययपुर से 115 नग, गोरख गैस चूल्हा रिपेयरिंग नमनाकला से 3 नग तथा प्रदीप गैस चूल्हा रिपेयरिंग शॉप दर्रीपारा से 6 नग घरेलू गैस सिलेंडर (LPG gas cylinder) जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 124 नग गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। उक्त प्रकरण में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर बोले- गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता

कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG gas cylinder) की पर्याप्त उपलब्धता है तथा सभी गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है।

Officers seized illegal gas cylinder (Photo- PRO)

गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण पर नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है। साथ ही राज्य स्तर पर भी घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, उपलब्धता एवं दैनिक आवश्यकता की सतत निगरानी रखने तथा अवैध भण्डारण पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें

Car accident: कार की टक्कर से गंभीर 6 वर्षीय बालिका की मौत, परिजन ने पहले दाह संस्कार से किया इनकार, फिर…

Published on:
12 Mar 2026 08:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर