अंबिकापुर

मणप्पुरम गोल्ड लोन डकैती : झारखंड से डकैत और शिक्षक समेत 3 गिरफ्तार, कट्टा-कारतूस भी जब्त

4 जनवरी 2017 को अंबिकापुर में 5 हथियारबंद डकैतों ने दिनदहाड़े दिया था वारदात को अंजाम, गिरफ्तार आरोपियों से 56 ग्राम सोना बरामद
3 min read
Robbers anb buyers
Robbers

अंबिकापुर. नगर के ब्रम्हरोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन फायनेंस कंपनी में 4 जनवरी 2017 को दिनदहाड़े डकैती हुई थी। इसमें 5 हथियारबंद डकैतों ने 12 किलो 700 ग्राम सोना व नकद 1 लाख 54 हजार रुपए की डकैती की थी। पुलिस डकैतों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी खोजबीन में लगी थी।

पुलिस मामले में इससे पूर्व पश्चिम बंगाल के आसनसोल से एक डकैत नित्यानंद पांडेय को गिरफ्तार की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो खरीदारों को भी गिरफ्तार किया था। इसमें एक शिक्षक भी शामिल है। पूर्व में गिरफ्तार डकैत से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने अब तक २४३ ग्राम ही सोना जब्त करने में सफलता हासिल की है।


गौरतलब है कि मणप्पुरम गोल्ड लोन फायनेंस कंपनी में हुई डकैती के मामले में गिरोह का एक सदस्य झारखंड के कोडरमा पुरनानगर रोड निवासी नित्यानंद पांडेय उर्फ सुनील पिता सुदामा उर्फ चंद्रिका पांडेय 48 वर्ष को पश्चिम बंगाल की पुलिस ने 20 दिन पूर्व गिरफ्तार किया था।

उसने पुलिस को बताया था कि डकैती में मिले सोने व नकद को पांचों डकैतों ने आपस में बांट लिया था। बंटवारे में मिले 1 किलो 750 ग्राम सोना में से 1 किलो 450 ग्राम को उसने बिहार के गया जिला स्थित मोहफासी के मानपुर सोनार पट्टी निवासी विरेंद्र प्रसाद पिता रामप्रसाद 45 वर्ष को बेच दिया था। वहीं 200 ग्राम सोना झारखंड के धनबाद स्थित ग्राम डांगाबलिया निवासी विक्की उर्फ अग्रिकांत पिता भगवान दास वर्मन 32 वर्ष को बेचा था।

उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी धनबाद निवासी अजीत चौहान पिता सीताराम चौहान को गिरफ्तार किया। अजीत चौहान ने पुलिस को बताया कि अजय चेरो उर्फ गुरू ने उसे डकैती में शामिल किया था। उसने ही घटनास्थल मण्णपुरम गोल्ड लोन फायनेंस बैंक में कट्टा हाथ में रखकर लूट की घटना को अंजाम दिया था व घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे को निकाल कर उसका डीव्हीआर भी ले गया था।

यहां वारदात को अंजाम देने के बाद दो बाइक में पांच आरोपी व एक बोलेरो में डीव्हीआर व सीसी टीवी लेकर बड़े आराम से बरवाडीह जिला लातेहार में हरेन्दर सिंह के घर कोलपुरवा में पहुंचे। हरेन्दर सिंह अजय चेरवा का रिश्तेदार है। उसके घर ही सोना का तौल किया गया था। इसके लिए अजय चेरो उर्फ गुरू ने करीब 50 ग्राम सोना दिया था।

पुलिस ने हरेन्दर सिंह के पास से 22 ग्राम सोना भी बरामद करने के साथ ही उसे गिरफ्तार किया। अजीत चौहान ने बताया अजय चेरो उर्फ गुरू द्वारा दिये गए सोने में कुछ सोने को लोयाबाद के गुनगुन ज्वेलर्स के संचालक पिन्टु कुमार को करीब १ लाख रुपए में बेचा गया था तथा कुछ सोने को अपने पास घर में ही रख लिया था।


हिस्से में मिला था 2 किलो सोना
डकैत अजीत चौहान ने पुलिस को बताया कि मणप्पुरम गोल्ड लोन फायनेंस कंपनी में डकैती में शामिल मुख्य आरोपी अजय चेरो द्वारा उसे वारदात को अंजाम देने के बाद बरवाडीह में 2 किलो सोना दिया गया था। लेकिन ज्यादा रुपए पा जाने से अजीत दिखावा न कर सके, इसकी वजह से अजय ने उसका सोना अपने पास रख लिया था। उसके द्वारा बार-बार मांगे जाने पर अजय ने 250 ग्राम सोना ही दिया था। इसके बाद वह अजीत चौहान का हिस्सा लेकर कहीं फरार हो गया।


एक कट्टा व कारतूस भी किया बरामद
पुलिस ने हरेंदर सिंह से 22 ग्राम सोना बरामद किया है। अजीत चौहान के घर से सोने का ३ नग लॉकेट लगभग 11 ग्राम वजन का व एक 315 बोर का कट्टा व कारतूस भी बरामद किया है। गिरफ्तार ज्वेलर्स पिन्टू से करीब 23 ग्राम का गला हुआ सोना बरामद किया है।

पुलिस मामले में पूर्व में गिरफ्तार डकैत नित्यानंद पाण्डेय द्वारा सोना बेचकर मिली रकम से 6 डिसमिल जमीन खरीदकर मकान बनवा लिए जाने की जानकारी पर उसके मकान को भी जब्त सामग्री में दर्शाने की तैयारी कर रही है।


4 दिन पूर्व ही की थी गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने रविवार को ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। हरेंदर सिंह ने गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी थी कि उसका किडनैप कर कुछ लोग ले जा रहे हैं। इसके बाद लातेहार पुलिस ने जानकारी लेकर उसे सरगुजा पुलिस के हवाले किया था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पूर्व में ही पुलिस ने 8 दिन की रिमांड प्राप्त कर पूछताछ करने के बाद बुधवार को खुलासा किया है।


18 माह में 243 ग्राम सोना बरामद
जनवरी 2017 में डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया था। वारदात को लगभग 18 माह का समय बीत चुका है। लेकिन अभी तक पुलिस 12 किलो 700 ग्राम सोना में से 243 ग्राम सोना ही बरामद कर सकी है।

पुलिस अब तक किसी भी आरोपी से एक रुपए भी बरामद नहीं कर सकी है। इसके साथ ही मामले के मुख्य आरोपी अचय चेरो उर्फ गुरू, संजय गुप्ता व सुरेश कर्मकार को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

Published on:
05 Jul 2018 02:21 pm
Also Read
View All
Arun Traders Ambikapur: अरुण ट्रेडर्स पर प्रशासन का छापा, ट्रक में लोड 130 बोरी PDS चावल जब्त, गोदाम में ताला मारकर संचालक फरार

ASF Vaccine: अफ्रीकन स्वाइन फीवर वैक्सीन का अंबिकापुर में हुआ पहला सफल फील्ड ट्रायल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया राष्ट्र को समर्पित

Somnath Swabhiman Yatra: छत्तीसगढ़ सरकार की ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ में गया सरगुजा का ग्रामीण महाराष्ट्र से लापता, खोजने पत्नी ने गिरवी रखी जमीन

Surguja SSP Fake FB ID: सरगुजा एसएसपी की ठगों ने बनाई फेसबुक आईडी, भेज रहे फ्रेंड रिक्वेस्ट, मांग रहे नंबर

Kidnapping: अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से 3 वर्षीय मासूम का अपहरण! मेमू ट्रेन से साथ लेकर आया था पिता, सीसीटीवी में कैद