
अंबिकापुर। शहर के मनेंद्रगढ़ मार्ग स्थित पंजाब गार्डन के पीछे के मोहल्ले में आधा दर्जन नाबालिगों ने 13 नवंबर की शाम कुत्ते के 6 पिल्लों की पहले बेदम पिटाई की, फिर बोरे में भरकर पेट्रोल डाला और जिंदा जला (Burnt Alive) दिया। पिल्लों के अधजले शव मिलने के बाद मामला सामने आया। पिल्लों के साथ इस क्रूरता का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग कह रहे हैं कि नाबालिग इतनी क्रूरता कैसे कर सकते हैं? इधर सूचना मिलते ही बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक ने मामले की शिकायत सीसीटीवी फुटेज के साथ गांधीनगर थाने में की है। पुलिस ने नाबालिगों के अभिभावकों को थाने में बुलाया है।
घटना के संबंध में यह बात सामने आई कि पंजाब गार्डन के पीछे के मोहल्ले में 2 स्ट्रीट डॉग द्वारा कुछ दिन पहले पिल्लों को जन्म दिया गया था। इनमें से 3 की देखभाल स्थानीय लोग कर रहे थे, जबकि अन्य मोहल्ले में ही इधर-उधर घूमते थे। इसी बीच मोहल्ले के ही कुछ नाबालिगों ने पिल्लों को पकड़ लिया और उन्हें बेदम (Brutally beaten) पीटा।
पिटाई करने के बाद उन्होंने सभी 6 पिल्लों प्लास्टिक के बोरे में भरा और कचरे वाले स्थान पर रखा। इसके बाद पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जला दिया। पिल्लों के अधजले शवों को कुत्ते नोच रहे थे, यह देख किसी ने इसकी सूचना बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा को दी। सूचना मिलते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने खुद घटनास्थल के आस-पास के घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान सीसीटीवी में 6 नाबालिग 13 नवंबर की शाम करीब साढ़े 4 बजे यह कृत्य करते दिखे।
बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाबालिगों की पहचान कर ली है। थाना प्रभारी ने सभी नाबालिगों के अभिभावकों को थाने में बुलाया है। उनका कहना है कि चूंकि सभी नाबालिग (Minor boy burnt alive dog cubs) हैं, फिर भी नियम के हिसाब से संभावनाएं देख रहे हैं।
घटना सामने आने के बाद बेजुबान डॉग शेल्टर (Bejuban Dog Shelter) के संस्थापक सुधांशु शर्मा का कहना है कि बेजुबान जानवर भी दर्द और तकलीफ महसूस करते हैं। उनके साथ इस तरह की क्रूरता न केवल अमानवीय है, बल्कि कानूनन दंडनीय भी है। ऐसे मामलों में निश्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई जरूरी है, ताकि आगे इस तरह की घटनाएं न हो सकें।