
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मां-बेटे की नृशंस हत्या (Surajpur Double murder news) कर शव अलग-अलग जगह छोड़ दिया गया। महिला शिक्षिका थी, पति की मौत के बाद वह 18 वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थी। बेटा 12वीं का छात्र था। शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे बेटे की लाश जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीरपुर कालीघाट के पीछे वाले सडक़ पर मिली थी। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो बाहर से ताला लगा हुआ था। देर शाम जब पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा तो शिक्षिका का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूरजपुर में डबल मर्डर की इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मां-बेटे की किसने नृशंस हत्या की? इसकी जांच में पुलिस जुट गई है।
जयनगर पुलिस के अनुसार बाराद्वार निवासी रजनी बरेठ 42 वर्ष शिक्षिका थी। वह सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी स्कूल में पदस्थ थी। उसके पति की मौत हो जान के बाद वह अपने 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ के साथ छत्तीसगढ़ ढाबा के पीछे ममता कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। बेटा बिश्रामपुर स्थित कार्मेल स्कूल में 12वीं का छात्र था।
शनिवार की सुबह करीब 10.3 बजे बेटे का शव जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महावीरपुर में कालीघाट के पीछे वाली सडक़ पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। पुलिस ने युवक का शव बिश्रामपुर अस्पताल में पीएम के लिए रखवाया था।
युवक की पहचान हो जाने के बाद पुलिस जब ममता कॉलोनी में पहुंची तो कमरे में ताला लगा हुआ था। शिक्षिका के गायब होने से तरह-तरह की आशंका जताई जा रही थी। इसी बीच शाम को पुलिस ने उसके परिचितों की मौजूदगी में कमरे का ताला तोड़ा तो शिक्षिका का शव संदिग्ध हालत में मिला। मां-बेटे की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
रात हो जाने के वजह से पुलिस ने मकान को सील कर दिया था। रविवार की सुबह पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। आशंका जताई जा रही है कि शिक्षिका की हत्या करने के बाद अज्ञात लोगों ने उसके बेटे को भी मार डाला तथा शव महावीरपुर में फेंक दिया होगा।
सूरजपुर जिले में मां-बेटे की नृशंस हत्या की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी कॉलोनी में पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले में जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। किन परिस्थितियों में मां-बेटे की हत्या की गई, इस संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।