
अंबिकापुर। जशपुर जिले के बगीचा पुलिस को रविवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि थार और लग्जरी स्कॉर्पियो कार में भारी मात्रा में गांजे की तस्करी (Hemp smuggling) की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन तस्कर तेज रफ्तार में रास्ता बदलकर सरगुजा की ओर भाग निकले। बगीचा एसडीओपी की सूचना पर लुंड्रा और बतौली पुलिस अलर्ट हो गई। तीनों थाने की संयुक्त टीम ने आरोपियों का पीछा करना शुरु किया। इस दौरान आरोपी थार सवार तो भाग निकले, लेकिन स्कॉर्पियो सवार वाहन से उतरकर 3 किमी तक भागते रहे और गन्ने के खेत में छिप गए। इस दौरान पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। इधर स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से 138 किलोग्राम गांजा मिला। गांजे की कीमत 69 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि थार सवार आरोपी पायलेटिंग कर स्कॉर्पियो को ले जा रहे थे।
जशपुर जिले की बगीचा तथा सरगुजा जिले के लुंड्रा व बतौली पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 138 किलोग्राम गांजा जब्त कर 2 लोगों को गिरफ्तार (Hemp smugglers) किया है। दरअसल बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले को रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि थार और स्कॉर्पियो में गांजा लेकर कुछ लोग उस ओर तेज रफ्तार में जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस अलर्ट हो गई और मुख्य मार्ग पर ट्रक लगाकर रोकने का प्रयास किया, इस दौरान आरोपी रास्ता बदलकर भागने लगे। भागने के क्रम में एक आरक्षक व एक महिला चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इधर बगीचा एसडीओपी ने सरगुजा जिले के लुंड्रा, बतौली और रघुनाथपुर पुलिस को सूचना दी। इस पर यहां की पुलिस भी अलर्ट हो गई।
एसडीओपी के नेतृत्व में बगीचा पुलिस थार और स्कॉर्पियो का पीछा कर रही थी। इसी बीच थार सवार भाग निकले, जबकि स्कॉर्पियो में सवार आरोपी लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगीडीह के पनिकापारा के पास स्कॉर्पियो-एन क्रमांक टी 0926 डीएल 9414 जी (टेंपररी नंबर) छोडक़र भाग निकले।
आरोपी बरगीडीह से भागते हुए 3 किमी दूर ग्राम झेराडीह के गन्ने के खेत में जाकर छिप गए। इधर पुलिस की एक टीम ने पहले स्कॉर्पियो को जब्त किया। तलाशी में स्कॉर्पियो में 53 छोटे-बड़े टेप लगाए हुए पैकेटों में 138 किलोग्राम गांजा (Hemp seized from Scorpio) मिला, जिसे जब्त पुलिस द्वारा कर लिया गया।वहीं पुलिस की अन्य टीमें गन्ने के खेत की घेराबंदी कर आरोपियों की खोजबीन में जुट गई। इसी बीच पुलिस ने 2 आरोपियों दबोच लिया। जबकि तीसरे आरोपी की खोजबीन जारी है।
पुलिस ने जिन 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी बलराज सिंह 23 वर्ष व अनिल बंसल 23 वर्ष शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपी अमन की तलाश में जुटी है। पुलिस (Surguja Region Police) ने बताया कि थार सवार पायलेटिंग कर गांजे से भरी स्कॉर्पियो को ले जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत 69 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया जा रहा था तथा उसे कहां ले जाया जा रहा था।