
अंबिकापुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 2 दिन तक जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर व बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सडक़ों, पुल-पुलियों, कॉलेजों, अस्पताल और अन्य निर्माण एवं संधारण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता परखी तथा अधिकारियों और ठेकेदारों (Road Construction) को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। बंसल ने निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार और सडक़ की देखरेख में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने, बैंक गारंटी राजसात करने तथा सुधार नहीं होने पर ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने कहा।
लोक निर्माण के सचिव बंसल ने प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता केपी संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आरएस तोमर तथा संबंधित संभागों के ईई, एसडीओ एवं ठेकेदारों के साथ जशपुर, मनोरा, सन्ना, बगीचा, कांसाबेल, बागबहार, कोतबा, लुड़ेग, सीतापुर, पत्थलगांव, मैनपाट, दरिमा, राजपुर, प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर में सडक़ों की स्थिति तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सडक़ संधारण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने कहा। सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियों-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण के दौरान संधारण अवधि में संबंधित ठेकेदारों द्वारा समुचित रख-रखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई।
इस पर सचिव बंसल (Chhattisgarh PWD Secretary) ने दोनों मार्गों के ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा संधारण कार्य नहीं किए जाने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। उन्होंने दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल में पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए।
सोनतराई-मैनपाट मार्ग के निरीक्षण के दौरान बंसल ने कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सडक़ निर्माण के लिए संशोधित प्राकलन तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सडक़ संधारण कार्यों की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दरिमा एयरपोर्ट (Darima Aieport) के निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने टर्मिनल भवन (Terminal building) के सामने सडक़ पर रि-कारपेटिंग कराने तथा एयरपोर्ट के किनारे बीसीएएस के मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। बंसल ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय भवन एवं सडक़ परिसर का भी निरीक्षण किया।
मैनपाट के कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन के निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने आगामी 15 दिसम्बर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब की ढलाई और 15 जनवरी 2027 तक भूतल के पूरे स्लैब का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉलेज निर्माण के लिए चिह्नांकित भूमि का सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जा पाए जाने पर कलेक्टर के साथ समन्वय कर उसे हटाने की कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने निर्माणाधीन कॉलेज भवन में टाटा वायरॉन फेंसिंग का कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर बंसल ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने को कहा।
सूरजपुर जिले में सचिव बंसल ने बिशुनपुर-सूरजपुर-ओडग़ी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सडक़ पर डामरीकरण तत्काल प्रारंभ करने तथा उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण कार्य की भी प्रगति देखी।
निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने बताया कि लगभग 10 किलोमीटर सडक़ पर डब्ल्यूएमएम का कार्य पूरा कर लिया गया है। बैच मिक्स प्लांट भी स्थापित हो चुका है। अगले तीन-चार दिनों में प्लांट के कैलिब्रेशन सहित आवश्यक कार्य पूर्ण कर डामरीकरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। ठेकेदार ने जून 2027 तक अनुबंध के सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस पर सचिव बंसल ने डामरीकरण जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य (Quality road) पूर्ण करने के निर्देश दिए।