
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित केन मेमोरियल अशासकीय विद्यालय के छात्रावास संचालन पर जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। दरअसल 10 अक्टूबर को स्कूल के छात्रावास में रह रहे 15 वर्षीय छात्र आयुषोत लकड़ा की करंट की चपेट में आने से मौत (Student died due to current) हो गई थी। इस मामले में छात्र के परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की थी। घटना के बाद डीईओ कार्यालय द्वारा संस्था प्रबंधन से जवाब मांगा गया था, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं मिलने और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार जांच में छात्रावास परिसर की बिजली वायरिंग की उपयुक्तता और सुरक्षा प्रमाणपत्र के साथ भवन सुरक्षा प्रमाण पत्र भी नहीं पाया गया। आदेश (DEO order) में कहा गया है कि इन दस्तावेजों के बिना छात्रावास में विद्यार्थियों का निवास उनकी जान और सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
बता दें कि प्राइवेट स्कूलों (Surguja Private schools) में छात्रों की सुरक्षा को लेकर पहले भी कई खामियां सामने आ चुकी हैं। हर बार उच्चाधिकारियों द्वारा स्कूल प्रबंधन की बैठक लेकर समझाइश दी जाती है, फिर भी इस ओर पहल नहीं हो पाती है, ऐसे में ऐसे मामले सामने आते रहते हैं।
छात्रावास का संचालन दोबारा शुरू करने के लिए संस्था प्रबंधन को चार शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें सक्षम एजेंसी से पूरे परिसर की बिजली वायरिंग और विद्युत सुरक्षा की जांच कराकर प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना, भवन का संरचनात्मक एवं समग्र सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करना, छात्रावास की सुरक्षा संबंधी सभी कमियों को दूर करना और विभागीय निरीक्षण के बाद सक्षम प्राधिकारी से लिखित अनुमति लेना शामिल है।
आदेश (Surguja DEO Order) में स्पष्ट किया गया है कि बिना सुरक्षा प्रमाणपत्र और अनुमति के छात्रावास का संचालन किसी अन्य नाम या व्यवस्था से भी नहीं किया जा सकेगा। वर्तमान में छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों के सुरक्षित स्थानांतरण और उनकी देखरेख के लिए तत्काल समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।