
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित एक ज्वेलर्स संचालक 26 जुलाई को 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगीरी (Jewellery lifting) का शिकार हो गया था। ज्वेलर्स संचालक ने अपनी स्कूटी में ज्वेलरी से भरा बैग रखा था और दुकान का शटर उठा रहा था। इसी दौरान एक आरोपी पैदल वहां पहुंचा और बैग लेकर दूसरे आरोपी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया था। उठाईगीरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाए। इधर पुलिस द्वारा सरगुजा, झारखंड व ओडिशा में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इस दौरान ओडिशा के गंजाम पुलिस की मदद से 16 अगस्त को आरोपी चांटी दास के घर से 46 लाख रुपए की ज्वेलरी बरामद करने में सफलता मिली। हालांकि आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी तलाश जारी है।
सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगीरी के मामले (1 crore jewellery lifting case) में सरगुजा पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस 20 दिन बाद अंतत: आरोपियों के ठिकाने तक पहुंच ही गई। इस संबंध में सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि 26 जुलाई को सीतापुर स्थित श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स का संचालक का सोने-चांदी से भरा बैग लेकर अज्ञात लोग फरार हो गए थे।
संचालक की रिपोर्ट पर सीतापुर समेत सरगुजा पुलिस की टीम सीसीटीवी से प्राप्त हुलिए के आधार पर आरोपियों की खोजबीन में जुटी थी। इस दौरान पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
इसी बीच ओडिशा के गंजाम पुलिस (Odisha police) ने सूचना दी कि सीसीटीवी फुटेेज में कैद आरोपियों का चेहरा गंजाम निवासी चांटी दास और नागेश्वर से मिल रहा है। इस आधार पर सरगुजा की संयुक्त पुलिस टीम गंजाम पहुंची और 10 दिन कैंप लगाकर आरोपियों के बारे में पूरी जानकारी जुटाई।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीम को पता चला कि 16 अगस्त को आरोपी चांटी दास अपने घर आने वाला है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर रखी थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया। वहीं उसके घर की तलाशी लेने पर 300.92 ग्राम सोना तथा 1 किलो 168 ग्राम चांदी की ज्वेलरी बरामद हुई। हालांकि आरोपी चांटी दास और नागेश्वर पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाए हैं। दोनों आरोपियों के अलावा 2 और आरोपी इस कांड में शामिल हैं। पुलिस (Surguja police) सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
दिनदहाड़े 1 करोड़ की ज्वेलरी उठाईगीरी के मामले को लेकर सीतापुर व्यापारियों में रोष व्याप्त था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की पहचान होने के बावजूद पकड़ में नहीं आने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सीतापुर में चक्काजाम भी किया था। इसके अलावा पिछले 10 दिन से वे सीतापुर थाने (Sitapur police station) के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। इधर पुलिस ने आरोपी के घर से ज्वेलरी बरामद करने में सफलता हासिल की है। आशंका जताई जा रही है कि बाकी की ज्वेलरी अन्य आरोपियों के पास होगी।