
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन ने अंबिकापुर के भूतपूर्व खिलाड़ी व सरगवां पैलेस रिसॉर्ट के संचालक विंध्येश्वर शरण सिंहदेव को उपाध्यक्ष (CVCA Vice President) मनोनीत किया है। इस मौके पर गुरुवार को होटल द सरगवां रिसॉर्ट में आयोजित एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रोबिन मिंज व सचिव तरुणेश परिहार ने उपाध्यक्ष पद के लिए उनके नाम पर मूहर लगाई। विंध्येश्वर शरण सिंहदेव के उपाध्यक्ष बनने से सरगुजा संभाग के वेटेरंस (40 प्लस उम्र) समेत युवा खिलाडिय़ों में उत्साह का माहौल है। खिलाडिय़ों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में सरगुजा संभाग के क्रिकेट को नई ऊंचाई पर पहुंचने की उम्मीद जताई है। वहीं विंध्येश्वर शरण सिंहदेव ने भी अध्यक्ष व सचिव का आभार जताया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन (Chhattisgarh Veterans Cricket Association) के अध्यक्ष रोबिन मिंज ने कहा कि सरगुजा के लिए यह खुशखबरी है कि विंध्येश्वर शरण सिंहदेव उपाध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ये एक सम्मानित व्यक्ति होने के साथ ही क्रिकेट (Cricket news) में रूचि रखते हैं। हम भी यही चाहते हैं कि यहां के क्रिकेट खिलाडिय़ों को कोई आगे ले जाए।
उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग में 6 जिले हैं, हम रायपुर में बैठकर यहां से खिलाड़ी नहीं निकाल सकते थे, इस वजह से हमने इनका सहयोग लिया है। हम वेटेरंस खिलाडिय़ों के साथ ही यहां के यंग प्लेयरों (Cricket players) को भी डव्हलप करेंगे। वहीं सचिव तरुणेश परिहार ने कहा कि वेटेरंस क्रिकेट उन खिलाडिय़ों के लिए है, जो जिंदगी भर तो क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन घर की समस्या, आर्थिक स्थिति या अन्य वजह से वे आगे नहीं बढ़ पाते हैं।
जब वे 40 प्लस उम्र के हो जाते हैं तो वे किसी न किसी क्षेत्र में खुद को स्थापित कर चुके होते हैं। फिर जब वे मुडक़र क्रिकेट को देखते हैं और खेलना चाहते हैं तो छत्तीसगढ वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन उन्हे मंच प्रदान करता है।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष विंध्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव ने मुझपर जो विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा में क्रिकेट के लिए सुविधाएं नहीं है, हालांकि अन्य खेलों के लिए भी प्रयास होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे वेटेरंस के लिए जिम्मेदारी दी गई है, मेरा प्रयास रहेगा कि जो पुराने खिलाड़ी है, उन्हें एकजुट कर सकूं। उन्होंने कहा कि किसी भी चीज में रिजल्ट तत्काल नहीं मिलता, लेकिन विश्वास दिलाता हूं कि आने वाले समय में आपको कुछ अच्छा देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां क्रिकेट ग्राउंड (Cricket ground in Ambikapur) की कमी है। सरकार चाहे तो हर बड़े शहरों में क्रिकेट स्टेडियम देकर खिलाडिय़ों को सुविधा दे सकती है।
एक खिलाड़ी का सपना ही यही होता है कि वह अपने जिले, प्रदेश व देश का नाम रौशन करे, बस उसे सुविधाएं मिले। उन्होंने कहा कि अभी तो सिर्फ शुरुआत है, सामने जो भी कमियां आएंगीं, उन्हें दूर करते हुए संभाग से अच्छे खिलाड़ी निकालने का मेरा प्रयास रहेगा।
वेटेरंस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव ने कहा कि अंबिकापुर में क्रिकेट ग्राउंड की कमी है। यदि यह समस्या दूर कर ली जाए तो यहां भी भविष्य में अच्छे लेवल के मैच कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार यदि चाह ले तो यहां अच्छा क्रिकेट ग्राउंड बन सकता है। शहर से 10-12 किमी क्षेत्र में काफी खाली जमीनें हैं। आप सभी मिलकर सरकार से क्रिकेट ग्राउंड के लिए अपील करें।