
Ambikapur crime, घर में बिखरा सामान व सीसीटीवी में कैद नाबालिग (Photo- Patrika)
अंबिकापुर. शहर में इन दिनों नाबालिग चोर सूने मकानों को निशाना (Theft in Ambikapur) बना रहे हैं और चोरी कर सामान को कबाड़ी के यहां बेच रहे हैं। शहर के केदारपुर पानी टंकी के पास 22 जुलाई को दिनदहाड़े 3 नाबालिगों ने प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका के सूने मकान का दरवाजा तोडक़र वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान शिक्षिका स्कूल गई थी, लौटी तो चोरों ने ज्वेलरी के अलावा कांस व पीतल के बर्तन समेत नकद पार कर दिए। चोरी के सामान को एक कबाड़ी के हाथों बेचना बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग और एक कबाड़ी को हिरासत में लिया है।
शहर के केदारपुर पानी टंकी के पास की निवासी सरिता सिन्हा प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है। वह रोज की तरह 22 जुलाई की सुबह 7.30 बजे घर में ताला बंद कर स्कूल चली गई थी। दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटीं तो देखा कि घर के भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। आलमारी खुली हुई है। जब पीछे की ओर गईं तो दरवाजा टूटा (Ambikapur theft case) हुआ था।
उन्हें यह समझते देर नहीं लगी कि घर में चोरी हुई है। जब शिक्षिका ने सामान का मिलान किया तो सोने की एक चेन, 4 नग अंगूठी, चांदी के सिक्के, नकद के अलावा कांस व पीतल कई बर्तन व अन्य सामान गायब थे। चोरी गई ज्वेलरी व सामान की कीमत लाखों में बताई गई है।
शिक्षिका ने घटना की जानकारी पड़ोसियों की दी। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कराई गई तो पता चला कि दोपहर 12.54 बजे 3 नाबालिग जाते घर की ओर जाते दिखे। फिर करीब 2.35 बजे बोरी में सामान लेकर निकलते दिखे। दिनदहाड़े चोरी की वारदात से मोहल्ले में दहशत का आलम है।
शिक्षिका के पति ने चोरी की रिपोर्ट कोतवाली (Ambikapur Kotwali) में दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 2 नाबालिग व एक कबाड़ी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि चोरी का सामान नाबालिगों ने कबाड़ी को बेचा है। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
Updated on:
24 Jul 2026 07:57 pm
Published on:
24 Jul 2026 07:57 pm
