
वॉशिंगटन. अमरीका में काम करने वाले भारतीयों के लिए अच्छी खबर है। अब एच1बी वीजा पर अमरीका गए विदेशी पेशेवर एक से अधिक कंपनियों के लिए काम कर सकते हैं। भारत से अमरीका जाने वाले आईटी पेशेवरों में यह वीजा काफी लोकप्रिय है। अमरीकी आव्रजन एजेंसी ने इसकी जानकारी दी है। एच1बी वीजा के सफल आवेदनों पर निर्णय लेने वाली संघीय एजेंसी अमरीकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवाएं (यूएससीआईएस) ने ट्वीट कर बताया कि एच1बी कर्मचारी एक से अधिक नियोक्ता के लिए काम कर सकता है। बस आई-129 मंजूरी लेनी होगी। यूएससीआईएस ने कहा कि आप जहां कहीं काम शुरू करते हैं, उससे पहले नए नियोक्ता को आई-129 आवेदन जमा कराना होगा।
65 हजार सालाना वीजा जारी
अमरीकी संसद हर वित्त वर्ष में 65,000 वीजा ही जारी करता है। इसमें एच1 वीजा की काफी मांग है। इसके दायरे से अधिकतम 20,000 विदेशी लोग बाहर रखे गए हैं, जिन्होंने अमरीका से मास्टर डिग्री ले रखी है या उच्चतर संस्थाओं में अध्ययन कर रहे हैं।
ब्रिटेन जाने वाले छात्रों के वीजा में 27% वृद्धि
ब्रिटेन जाने वाले भारतीय नागरिकों की वीजा में पिछले साल की तुलना में नौ प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि छात्रों की वीजा में 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ब्रिटेन उच्चायोग के अनुसार इस साल सितंबर तक 5.17 लाख भारतीय नागरिकों को वीजा मिला जो पिछले साल से नौ प्रतिशत अधिक है। इनमें 4.27 लाख लोगों को पर्यटक वीजा मिला। इसमें 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। गत वर्ष 14 हजार छात्रों को वीजा मिला था जो 27 प्रतिशत अधिक है। अल्प अवधि के लिए वीजा 5 हजार छात्रों को मिला जबकि 53 हजार लोगों को काम करने के लिए वीजा मिला।
क्या है यह वीजा : एच1बी एक गैर आव्रजक वीजा है, जिसमें अमरीकी कंपनियों को कुछ विशेषज्ञता वाले पदों पर विदेशी पेशेवरों को रखने की इजाजत होती है। अमरीका की आईटी कंपनियां हर साल चीन और भारत जैसे देशों से हजारों की संख्या में प्रोफेशनल्स को अपने यहां नौकरियां देती हैं।