अमरीका

किम जोंग उन के साथ 12 जून को होगी मुलाकात, ट्रंप ने ट्वीट के जरिए की पुष्टि

ट्रंप ने शनिवार को एक ट्वीट करते हुए उम्मीद जताई थी कि किम जोंग उन के साथ प्रस्तावित सिंगापुर में तय 12 जून की मुलाकात हो सकती है।
2 min read
May 28, 2018
donald trump and kim jong un
किम जोंग उन के साथ 12 जून को होगी मुलाकात, ट्रंप ने ट्वीट के जरिए की पुष्टि

नई दिल्ली। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के तानाशाह शासक किम जोंग उन की मुलाकात को लेकर चल रहे द्वंद के बीच ट्रंप ने साफ कर दिया है कि दोनों नेताओं के बीच तय समय में मुलाकात होगी। एक ट्वीट करते हुए ट्रंप ने लिखा कि ‘अमरीका का एक डेलीगेशन उत्तर कोरिया पहुंच चुका है जो किम जोंग उन और उनके बीच प्रस्तावित मुलाकात के लिए जरूरी व्यवस्थाएं कर सकें। उत्तर कोरिया के पास शानदार क्षमता है और मुझे पूरा यकिन है कि उत्तर कोरिया एक दिन बहुत बड़ा आर्थिक और वित्तीय देश बनेगा। किम जोंग उन मेरी इस बात से पूरी तरह सहमत होंगे। ऐसा ही होगा’।

ट्रंप ने शनिवार को ट्वीट कर मुलाकात के दिए थे संकेत

आपको बता दें कि इससे पहले शनिवार की सुबह ट्रंप ने एक ट्वीट करते हुए उम्मीद जताई थी कि किम जोंग उन के साथ प्रस्तावित सिंगापुर में तय 12 जून की मुलाकात हो सकती है। उन्होंने लिखा कि, ‘उत्तर कोरिया के साथ होने वाले शिखर सम्मेलन में बातचीत से हल निकल सकता है। अगर ऐसा संभव हुआ तो उसी तारीख यानि 12 जून को सिंगापुर में मुलाकात होगी। अगर आवश्यक हुआ को इस तारीख को और आगे बढ़ाया जाएगा’।

किम जोंग उन के बयानों से खफा थे ट्रंप

आपको बता दें कि ट्रंप के इस ट्वीट से पहले राष्ट्रपति ट्रंप और किम जोंग उन के बीच होने वाली बैठक रद्द मानी जा रही थी। वाइट हाउस की ओर से बताया गया था कि ट्रंप ने किम के बयानों से नाराज होकर यह फैसला लिया है। वाइट हाउस ने पत्र जारी कर कहा कि 12 जून को दोनों नेताओं की सिंगापुर में मुलाकात होने वाली थी। लेकिन अब ये मुलाकात नहीं हो पाएगी। पत्र में कहा गया था कि सिंगापुर में होने वाली बैठक को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप काफी उत्साहित थे लेकिन किम जोंग उन के हाल के बयानों से आहत होकर ट्रंप ने इस बैठक को रद्द करने का फैसला किया है।

उत्तर कोरिया ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर जताई थी नाराजगी

गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने पिछले सप्ताह चेतावनी दी थी कि अगर अमरीका केवल उत्तरी कोरिया को अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने का दबाव बनान चाहता है तो प्योंगयांग सिंगापुर की बैठक के बारे में पुनर्विचार करेगा। इसके जवाब में अमरीका के उप-राष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा 'अगर डोनाल्ड ट्रंप के साथ कोई षडयंत्र होता है तो किम जोंग उन के लिए बड़ी गलती होगी।' इससे पहले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उत्तर कोरिया को चेताया था। ट्रंप ने कहा था कि अगर किंग जोंग परमाणु कार्यक्रम छोड़ देते हैं तो वे सत्ता में बनें रहेंगे लेकिन वह अमरीका के साथ हुए समझौते को नहीं मानेंगे तो उत्तर कोरिया को तबाह कर दिया कर दिया जाएगा।

Published on:
28 May 2018 03:54 am