कर्स्टजेन नीलसन 2017 में पहली बार ट्रंप सरकार में शामिल हुईं थीं। ट्रंप सरकार के सीमा नीतियों के बचाव को लेकर नीलसन की काफी आलोचना होती रही है। अपने इस्तीफे को लेकर त्यागपत्र में नीलसन ने किसी विशेष कारण का जिक्र नहीं किया है।
वाशिंगटन। हमेशा विवादों में रहने वाली अमरीका के गृह सुरक्षा सचिव कर्स्टजेन नीलसन ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। अपने विदाई संदेश में नीलसन ने कहा कि अपने सहयोगियों के साथ इस विभाग में सेवा, समर्पन औऱ प्रतिबद्धता के साथ काम करना उनके जीवन के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। ट्रंप सरकार की विवादास्पद सीमा नीतियों का बचाव करने को लेकर नीलसन हमेशा आलोचना का शिकार होती रही हैं। इससे पहले ट्रंप ने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा 'उन्हें अस्थाई तौर पर सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा आयुक्त केविन मैकलेनन के साथ बदला जाएगा। होमलैंड सिक्योरिटी के प्रमुख कर्स्टजेन नीलसन अपना पद छोड़ देंगी और मैं उन्हें उनके बेहतर सेवा देने के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा।'
इस्तीफे को लेकर नहीं दिया कोई स्पष्ट कारण
बता दें कि नीलसन का विभाग प्रस्तावित सीमा की दीवार और प्रवासी परिवारों के अलगाव को लेकर जिम्मेदार थीं। इसलिए नीलसन लगातार आलोचनाओं का शिकार होती रहती थीं। नीलसन ने अपने इस्तीफे के लिए कोई विशेष कारण नहीं बताया है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा है 'मेरे लिए इस्तीफा देने का यह सही समय था और जब मैं सरकार में शामिल हुईं थी उससे कहीं ज्यादा आज अमरीका सुरक्षित है।’ मालूम हो कि नीलसन ने यह अपने इस्तीफे की घोषणा राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दक्षिणी सीमा का दौरा करने के कुछ दिनों बाद किया है। अभी हाल ही में ट्रंप ने सीमा पर से क्रॉसिंग को बंद करने की धमकी दी है और कहा है कि एक वर्ष के अंदर मेक्सिको से अवैध तरीके से अमरीका में घुस रहे प्रवासियों को रोक देंगे।
कौन हैं क्रस्टन नीलसन?
क्रस्टजेन नीलसन ने पहली बार 2017 जनवरी में ट्रंप सरकार में पूर्व होमलैंड सुरक्षा प्रमुख जॉन केली के सहायक के रूप में शामिल हुईं थीं। इसके बाद जब जॉन केली व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ बने, तो वह मिस्टर केली की डिप्टी बन गईं, लेकिन उसी वर्ष बाद में वह वापस अपने पूर्व विभाग का नेतृत्व करने के लिए लौट आईं। ट्रंप सरकार की सीमा नीतियों के बचाव के लिए नीलसन की लगातार आलोचना होती रही। नीलसन ने ट्रंप सरकार के सीमा नीति का बचाव किया जिसमें बच्चों को तार के बाड़ों में रखने के मामले में कांग्रेस में डेमोक्रेट द्वारा गहन पूछताछ और कड़ी निंदा भी शामिल है। नीलसन ने पिछले ही महीने यह स्वीकार किया था कि उन्हें यह नहीं पता कि कितने प्रवासी बच्चे हैं जो अमरीका की हिरासत में हैं।
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर .