HIGHLIGHTS US Presidential Election Result 2020: डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी हार के लिए ब्लैक मतदाताओं को जिम्मेदार ठहराया है। जो बिडेन ( Joe Biden ) के चुनाव अभियान के कानूनी सलाहकार बॉब बेयर ने शुक्रवार को कहा कि अफ्रीकी-अमरीकी समुदाय को टारगेट करना ठीक नहीं है।
वाशिंगटन। अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव परिणाम ( US Presidential Election Result 2020 ) को लेकर अभी भी डोनाल्ड ट्रंप सवाल खड़े कर रहे हैं, जबकि कोर्ट में अपने दावों के समर्थन में अब तक सबूत पेश नहीं कर सके हैं। हालांकि इसके बावजूद भी ट्रंप अपनी हार स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और अब चुनावी नतीजों के लिए एक बड़ी बात कही है।
डोनाल्ड ट्रंप ( Donald Trump ) ने अपनी हार के लिए ब्लैक मतदाताओं को जिम्मेदार ठहराया है। चूंकि इस चुनाव में ब्लैक मतदाताओं का काफी अहम रोल रहा है। क्योंकि चुनाव से पहले अमरीका में कई अश्वेतों की पुलिस कस्टडी व गोली से हुई मौत को लेकर प्रदर्शन कर रहे अश्वेतों के खिलाफ जिस तरह से कार्रवाई की गई, उससे लोग नाराज थे। इसका सीधा असर चुनाव परिणाम में देखा भी जा सकता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चुनावी परिणाम को पलटने की मुख्य वजह फिलेडेल्फिया, डेट्रायट और अन्य डेमोक्रेट्स शहरों में डाले गए मतपत्रों को अमान्य करना है। ट्रंप अभियान के लोग केवल उन स्थानों को टारगेट कर रहे हैं, जहां पर धोखाधड़ी होने की संभावना अधिक है।
ट्रंप अभियान के एक वरिष्ठ सलाहकार, कैटरीना पियर्सन ने कहा कि चुनाव की अखंडता का बचाव और ब्लैक मतदाताओं समेत हर कानूनी मतदाता के वोट की रक्षा करना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक आबादी वाले और बहुसंख्यक डेमोक्रेट क्षेत्रों में सबसे अधिक अनियमितताएं हुई हैं।
ब्लैक मतदाताओं को टारगेट करना गलत: बेयर
जो बिडेन के चुनाव अभियान के कानूनी सलाहकार बॉब बेयर ने शुक्रवार को कहा कि अफ्रीकी-अमरीकी समुदाय को टारगेट करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यह बहुत परेशान करने वाला है।
बता दें कि अमरीकी-अफ्रीकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद से अमरीका के कई शहरों में हिंस फैल गई थी। लोग विरोध-प्रदर्शन करते हुए सड़कों पर उतरे, जिसके बाद से कई शहरों में हिंसात्मक प्रदर्शन देखने को मिला।
फ्लॉयड की मौत के बाद कई और ब्लैक नागरिकों की पुलिस की गोली से मौत हुई, जिसके कारण लोगों में गुस्सा भड़क गया। कई महिनों तक अमरीका के कई शहरों में चले व्यापक प्रदर्शन और आगजनी को रोकने के लिए ट्रंप ने सेना को बुलाया था।