Amethi Lok Sabha Seat: उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित अमेठी लोकसभा सीट से स्मृति ईरानी चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्मृति ईरानी के लिए सपा विधायक का परिवार प्रचार कर रहा है।
Amethi Lok Sabha Seat: अमेठी का सियासी रण दिलचस्प होता जा रहा है। यहां की सपा विधायक महराजी प्रजापति के परिवार ने अब भाजपा प्रत्याशी स्मृति जुबिन ईरानी का प्रचार शुरू कर दिया है।
राज्यसभा चुनाव के समय उन्होंने पार्टी व्हिप को दरकिनार कर बीमारी की बात कहते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। अमेठी से भाजपा ने स्मृति जुबिन ईरानी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस-सपा गठबंधन से किशोरी लाल शर्मा चुनावी समर में हैं। दोनों तरफ से राजनीतिक दांवपेच चल रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार देर शाम भादर के घोरहा में एक चुनावी जनसभा में भाजपा के मंच पर सपा विधायक महराजी प्रजापति का पूरा परिवार स्मृति के साथ खड़ा दिखा।
विधायक की बेटी अंकिता प्रजापति मंच से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कहा कि जिस तरह से आपने हमें और हमारे परिवार का साथ दिया, उसी तरह का साथ स्मृति ईरानी को दीजिए। जवाब में जनता ने जय श्रीराम का नारा लगाया। इस मौके पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। हालांकि, महराजी स्वयं चुनावी समर से दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन परिवार की ओर से भाजपा का प्रचार करने पर सियासी गहमागहमी तेज हो गई है।
अमेठी की सपा विधायक महराजी प्रजापति के परिवार की ओर से भाजपा का प्रचार करने के सवाल पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी नेता व कार्यकर्ता के लिए मां होती है, जो नेता मां को धोखा दे सकता है, वह सच्चा प्रतिनिधि नहीं हो सकता है।
चित्रकूट की एक महिला ने गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ 2017 में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुना दी। इसके बाद से वह जेल में है। उसपर खनन सहित अन्य मामलों की जांच चल रही है।