अमेठी

आरिफ को सारस से दोस्ती करना पड़ा भारी, जेल भी जाना पड़ सकता, एफआईआर हुई दर्ज

आरिफ को सारस से दोस्ती करना महंगा पड़ सकता है। वन विभाग ने आरिफ को नोटिस जारी करके तलब किया है। अगर वन विभाग को संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो आरिफ के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो सकता है।

2 min read
Mar 26, 2023
आरिफ को वन विभाग की तरफ से मिला नोटिस

सोशल मीडिया पर इन दिनों पर अमेठी के आरिफ गुर्जर और सारस की दोस्ती की चर्चा है। वन विभाग ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का हवाला देते हुए आरिफ को नोटिस जारी करके तलब किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर वन विभाग आरिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सकती है। इससे आरिफ की परेशानी बढ़ सकती है।

वहीं आरिफ के सारस को अब नया ठिकाना मिल गया है। शनिवार को देर शाम सारस को समसपुर पक्षी विहार से कानपुर प्राणि उद्यान लाया गया। यहां पर सारस को 15 दिनों के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है। सारस नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान लखनऊ के डॉक्टर और कर्मचारियों की निगरानी में है।

सारस से मिलने गए थे अखिलेश यादव
अमेठी जिले के मंडखा निवासी आरिफ सारस से दोस्ती करने की वजह से सुर्खियों में आए। आरिफ और सारस का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, उसके बाद दोनों की दोस्ती देखने के लिए करीब से जाने के लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पांच मार्च को आरिफ के घर पहुंच गए। आरिफ और सारस के साथ की तस्वीरों अखिलेश यादव ने ट्विटर भी शेयर की।

ट्विटर पर शेयर की थी जानकारी

अखिलेश यादव के ट्विटर पर जानकारी शेयर के बाद से ही आरिफ की मुश्किलें बढ़ने लगी। नौ मार्च को उप प्रभागीय वनाधिकारी ने आरिफ को नोटिस जारी कर दिया। अभी नोटिस आरिफ तक पहुंची नहीं थी कि मुख्य वन संरक्षक के आदेश पर 21 मार्च को राजकीय पक्षी सारस को आरिफ से अलग कर रायबरेली के समसपुर पक्षी बिहार पहुंचा दिया गया।

अखिलेश ने सारस को लेकर की थी प्रेस कॉन्फ्रेस

इसके बाद से राजनीति शुरू हो गई। अखिलेश यादव ने आरिफ को लखनऊ बुलाया और साथ में बैठाकर प्रेस कॉन्फ्रेस की। अखिलेश ने सारस को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं आरिफ के घर चला गया था दोनों की दोस्ती देखने। इसलिए आरिफ से सारस को छिन लिया है। वहीं बीजेपी का कहना है कि सारस राजकीय पक्षी है। इसलिए उसे कोई घर में नहीं रख सकता।

कानपुर में है सारस क्वारंटाइन

22 मार्च को खबर आई की सारस गायब हो गया है। इसके बाद सारस समसपुर पक्षी विहार से कुछ दूर बिसईया गांव में मिला और उसे वापस पक्षी बिहार लाया गया। 25 मार्च को सारस को कानपुर के प्राणि उद्यान ले जाया गया है जहां पर उसे क्वारंटाइन कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम उसकी देखभाल कर रही है।

Updated on:
26 Mar 2023 01:18 pm
Published on:
26 Mar 2023 01:04 pm
Also Read
View All