अमृतसर

जंतर-मंतर पहुंचा था कथित ISI मॉड्यूल! अमृतसर में 9 गिरफ्तार, पेट्रोल बम बरामद

Amritsar Terror Module: अमृतसर में पंजाब पुलिस ने दो कथित ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इनमें से आठ लोग जंतर-मंतर पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर पेट्रोल बम से जुड़ी गतिविधियों की तैयारी की गई थी।
2 min read
Aug 05, 2026
Amritsar Terror Module
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने इस साजिश की जानकारी दी। (फोटो सोर्स- ANI)

Jantar Mantar Terror Plot: कुछ दिन पहले दिल्ली का जंतर-मंतर CJP के 'संसद चलो' प्रदर्शन को लेकर सुर्खियों में था। अब इसी जगह का नाम अमृतसर में पकड़े गए कथित आतंकी मॉड्यूल की जांच में सामने आने से मामला और चर्चा में आ गया है। पंजाब पुलिस का दावा है कि दो कथित ISI समर्थित मॉड्यूल का खुलासा किया गया है और 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए एक मॉड्यूल के आठ सदस्य जंतर-मंतर गए थे। हालांकि, पुलिस ने यह नहीं कहा है कि इनका CJP के प्रदर्शन से कोई संबंध था।

पाकिस्तान तक भेजी जा रही थी जानकारी

अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, जांच में सामने आया कि कथित मॉड्यूल से जुड़े लोग पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। आरोप है कि उन्हें पैसे का लालच देकर अलग-अलग काम सौंपे गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों को किसने जोड़ा और इनके संपर्क का नेटवर्क कितना बड़ा था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले का एक सिरा अमृतसर-जालंधर रेलवे ट्रैक से भी जुड़ता है। आरोप है कि मॉड्यूल से जुड़े लोगों ने रेलवे लाइन के पास सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों से मिलने वाली जानकारी कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक भेजी जा रही थी। पुलिस को शक है कि रेलवे और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ऐसा किया गया।

लेकिन जांच में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला पहलू जंतर-मंतर की यात्रा है। पुलिस का कहना है कि दूसरे मॉड्यूल से जुड़े आठ लोग ट्रेन से दिल्ली पहुंचे थे। वे जंतर-मंतर गए और वहां उन्हें स्थानीय स्तर पर पेट्रोल बम तैयार करने से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराए जाने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों को वीडियो के जरिए पेट्रोल बम बनाने और इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई थी।

हमला करने गए पर सफल नहीं हुए

गौरतलब है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा प्रदर्शन हुआ था। संगठन ने NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद मार्च का आह्वान किया था। दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति नहीं दी थी और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। बाद में पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शन को लेकर भी काफी चर्चा हुई।

पंजाब पुलिस का कहना है कि अमृतसर वाले मामले में जंतर-मंतर गए आठ लोग कोई हमला करने में सफल नहीं हुए। वापस लौटने के बाद खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें पकड़ लिया गया।

कार्रवाई में पुलिस ने तीन पिस्तौल, चार पेट्रोल बम, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। दो आरोपियों पर हवाला के जरिए पैसे पहुंचाने का भी आरोप है।

फिलहाल जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित विदेशी हैंडलरों और इन आरोपियों के बीच संपर्क कैसे हुआ और इस पूरे नेटवर्क में इनके अलावा और कौन लोग शामिल हैं।

Updated on:
05 Aug 2026 10:39 am
Published on:
05 Aug 2026 10:39 am