
LPU मामले में सीएम भगवंत मान ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश (फोटो सोर्स- ANI)
LPU Protest News: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा के साथ दरिंदगी की अफवाह और खबर फैलने के बाद परिसर में देर रात तक भारी हंगामा और प्रदर्शन देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। CM मान ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और पंजाब पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव को खुद यूनिवर्सिटी कैंपस जाकर पूरे हालात का जायजा लेने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले निर्देशों के बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव खुद LPU कैंपस पहुंचे और जमीनी स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। एडीजीपी फैयाज फारूकी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस बल ने कैंपस में फ्लैग मार्च निकालकर शांति बनाए रखने की अपील की है।
जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक हरिंदर गिल ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल कैंपस में पूरी तरह शांति है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हॉस्टलों में अशांति की जो खबरें आ रही थीं, वे केवल अफवाहें थीं। सभी हॉस्टलों की सघन जांच कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना की सच्चाई जानने के लिए जांच तेजी से जारी है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई है और न ही आरोपी की पहचान हो सकी है। हालांकि, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए 28 सितंबर से अगले 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाओं को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, जारी होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।
सोमवार सुबह से कैंपस में माहौल शांत है, लेकिन कक्षाएं बंद होने के कारण बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने अभिभावकों से बात करके ही घर जाएं और किसी भी तरह की अफवाह या अशांति का हिस्सा न बनें।
Updated on:
28 Sept 2026 10:46 am
Published on:
28 Sept 2026 10:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
