
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई (Photo/ANI)
Nagaon Lok Sabha Bypoll 2026: असम में नगांव उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। इस सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा। अब इसको लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस उपचुनाव को महत्वपूर्ण बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नगांव लोकसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकसभा में सीटों की संख्या में बदलाव कर दो-तिहाई बहुमत हासिल करने और प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र के बारे में है। बीजेपी लोकसभा में संख्या बदलने की कोशिश कर रही है, ताकि उसे दो-तिहाई बहुमत मिल सके और वह परिसीमन विधेयक ला सके। इसे पारित कराने के लिए बीजेपी के लिए हर वोट महत्वपूर्ण है।
इस दौरान गौरव गोगोई ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आने वाले दिनों में प्रस्ताव लाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संबंध में कदम उठाएगी और उसकी अपेक्षा है कि नगांव से निर्वाचित होने वाला सांसद CEC के खिलाफ प्रस्ताव पर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हम मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव लाएंगे। हम चाहते हैं कि नगांव का सांसद CEC के खिलाफ वोट करे। इसलिए कई कारणों से यह चुनाव महत्वपूर्ण है।
उधर, भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने नगांव लोकसभा उपचुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगांव और मोरीगांव जिलों में युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए करीब 1,800 छोटी और चौपाल स्तर की बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
इसको लेकर BJYM की ओर से प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है। जिसमें बताया कि नगांव जिला युवा मोर्चा क्षेत्र में करीब 1,000 बैठकें, जबकि मोरीगांव जिला युवा मोर्चा करीब 800 बैठकें और सभाएं आयोजित करेगा।
असम BJP के मीडिया पैनलिस्ट एवं नगांव उपचुनाव के मीडिया प्रभारी और समन्वयक दिलीप कुमार शर्मा ने गुरुवार को बताया कि युवा मोर्चा ने निर्वाचन क्षेत्र के युवाओं को BJP की विचारधारा से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों के युवा नेताओं ने अभियान की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
Updated on:
28 Sept 2026 10:47 am
Published on:
28 Sept 2026 10:27 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
