Amroha News: यूपी के अमरोहा में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। मामले में पुलिस ने 34 नामजद समेत 84 लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं।
Amroha Embankment Dispute:अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर इम्मा में खेत की मेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक बड़े बवाल में बदल गया। बुधवार को गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी लगातार पथराव होता रहा और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब एक बजे हेड कांस्टेबल कुलदीप कुमार और सिपाही हेमंत कुमार मूंढा चौकी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव सैदपुर इम्मा में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। सूचना मिलते ही दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां गांव निवासी अल्ताफ और शकील पक्ष के लोग खेत की मेड़ काटने को लेकर आमने-सामने खड़े होकर पथराव कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी। दोनों ओर से लगातार ईंट-पत्थर फेंके जाते रहे, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
दोनों पक्षों के बीच हुए इस हिंसक टकराव के दौरान गांव में भगदड़ जैसे हालात बन गए। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुद को सुरक्षित रखने के लिए घरों और गलियों की ओर भागते दिखाई दिए। पथराव इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग भी डर के कारण अपने घरों में कैद हो गए। गांव में अचानक फैले तनाव के कारण कुछ देर के लिए पूरा इलाका रणक्षेत्र जैसा दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद तेजी से बढ़ा और किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
स्थिति को बेकाबू होता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीआरवी और थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। भारी पुलिस फोर्स गांव पहुंची तो आरोपी खेतों के रास्ते भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था बहाल कराई। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो सके।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से 34 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। खास बात यह है कि इस मामले में महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी अवधभान भदोरिया ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि गांव में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है।
पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में अल्ताफ, महताब, जहूर, सरताज, मेहराज, सलमान, महाराजख, आले हसन, फरीद, नबी हसन, शौकीन, गुलिस्ता, रहीशा, हलीमा, शकील, अकील, अमीन, एहसान, चांद, गुलशेर, मुकीम, शौकीन, रहमान, नफीस, शरीफ, अब्दुल रहमान, नसरूद्दीन, शमशुद्दीन, नूरा, इसरार, वरीशा, हुस्ना और सोनी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान भी जल्द कर ली जाएगी।