अमरोहा

Lok Sabha Election: इस बिजनेसमैन के बेटे को ‘दहेज’ में मिला था 33 करोड़ का हेलीकॉप्‍टर, भाजपा ने दिया टिकट

- कांग्रेस और गठबंधन के बाद भाजपा ने भी होली के मौके पर जारी की पहली लिस्‍ट - अमरोहा से भाजपा ने वर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर पर ही जताया है भरोसा - दिल्‍ली के असोला में जन्‍मे कंवर सिंह तंवर पांचवीं पास हैं

3 min read
Mar 22, 2019
Lok Sabha Election: इस बिजनेसमैन के बेटे को 'दहेज' में मिला था 33 करोड़ का हेलीकॉप्‍टर, भाजपा ने दिया टिकट

अमरोहा। लोकसभा चुनाव के लिए सभी प्रमुख दलों ने कई उम्‍मीदवारों की सूची जारी कर दी हैं। कांग्रेस और गठबंधन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी गुरुवार को होली के मौके पर पहली लिस्‍ट जारी की। इसमें पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश की भी कई सीटें शामिल रहीं। इनमें एक सीट अमरोहा भी है। यहां से भाजपा ने वर्तमान सांसद पर ही भरोसा जताया है। टिकट मिलने के बाद उन्‍होंने अपने ट्वि‍टर हैंडल पर लिखा, अमरोहा लोकसभा से एक बार फिर मुझे प्रत्याशी चुनने के लिए शीर्ष नेतृत्व का मैं बहुत आभार व्यक्त करता हूं। पिछले 5 वर्षों में जिस तरीके से मैंने अपने क्षेत्र की सम्मानित जनता के लिए सेवा भाव से कार्य किए हैं, वैसे ही करता रहूंगा।

यह भी पढ़ें:lok sabha election 2019: भाजपा इस दलित सांसद का टिकट काटकर सपा के पूर्व सांसद को देगी मौका!

कौन हैं कंवर सिंह तंवर

2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में कंवर सिंह तंवर अमरोहा से जीत दर्ज कर संसद पहुंचे थे। उनका जन्‍म दिल्‍ली के असोला में 21 जनवरी 1961 को हुआ है। चुनाव आयोग के दिए ब्‍यौरे में उनकी शिक्षा पांचवीं पास दिखाई गई है। उनकी पत्‍नी का नाम राजवती है। दोनों के चार बेटे और एक बेटी है। वह बिजनेसमैन हैं। उनका रियल एस्‍टेट और होटल का व्‍यवसाय है। आयोग को दिए ब्‍यौरे के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 178 करोड़ रुपये है। वहीं, उन पर करीब 40 लाख रुपये की देनदारी है।

2011 में हुई थी बेटे की शादी

कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित की शादी 2011 में काफी शाही अंदाज में हुई थी। ललित की शादी हरियाणा के सोहना के पूर्व विधायक सुखबीर सिंह जौनापुरिया की बेटी योगिता से हुई थी। उनके बेटे को लड़की वालों की तरफ से गिफ्ट के रूप में पांच सीटर हेलीकॉप्‍टर तक दिया गया था, जिसकी कीमत करीब 33 करोड़ रुपये आंकी गई थी। उस समय यह काफी चर्चित शादी रही थी। शादी दिल्‍ली के छतरपुर इलाके में हुई थी। शादी के वक्‍त कंवर सिंह तंवर कांग्रेस में थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी में करीब 250 करोड़ रुपये का खर्चा हुआ था। शादी में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया के डांस ने धमाल मचा दिया था।

राजनीतिक सफर

कंवर सिंह तंवर पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वह बसपा और कांग्रेस में भी रह चुके हैं। 2008 के विधानसभा चुनाव में वह बसपा के टिकट पर मैदान में उतरे थे। उस चुनाव में वह हार गए थे लेकिन 150 करोड़ की कुल संपत्ति के साथ दिल्‍ली के सबसे अमीर उम्‍मीदवार बनकर चर्चा में आए थे। इसके बाद वह कांग्रेस में चले गए। 2014 के लोसकभा चुनाव से पहले उन्‍होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्‍होंने सपा की हुमेरा अख्‍तर को हराया था।

2.25 करोड़ की रॉल्‍स रायस है सांसद के पास

अगर कंवर सिंह तंवर के पास गाड़ि‍यों की बता की जाए तो भाजपा सांसद के पास कुल 14 गाड़ि‍यां हैं। उनके बेटे ललित के पास अलग गाड़ि‍यां हैं। भाजपा सांसद के पास करीब 5 करोड़ रुपये की गाड़ि‍यां हैं। इनमें सबसे महंगी करीब 2.25 करोड़ रुपए की कार रॉल्‍स रॉयस है। इतना ही नहीं सभी 14 वाहनों के नंबर की आखिरी डिजिट 8 है। यह भाजपा सांसद का पसंदीदा नंबर है।

Published on:
22 Mar 2019 12:39 pm
Also Read
View All