Amroha News: अमरोहा देहात पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए कुण्डल, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों पर कई जिलों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
Amroha Crime News:अमरोहा देहात थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में छीने गए पीली धातु के कुण्डल, अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
अमरोहा देहात पुलिस ने ऑपरेशन दृष्टि के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से ग्रीन फ्रील्ड कॉलोनी गेट, जोया रोड अमरोहा के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 9 मई 2026 को उन्होंने जोया रोड स्थित एक गैस एजेंसी के पास दिनदहाड़े एक महिला से कुण्डल और करीब 1000 रुपये की नकदी छीनी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट से संबंधित दो सौ रुपये के नोट भी बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुबह के समय टहलने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी ज्वैलरी छीनने की फिराक में रहते थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पप्पू उर्फ फौजी निवासी रामपुर हाल निवासी मुरादाबाद तथा अमन उर्फ शहजाद उर्फ शाहजादा कलंदर निवासी मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर UP21CU2374, एक मोबाइल फोन और संदिग्ध सामान से भरा काला बैग बरामद किया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, बरेली, बिजनौर और अमरोहा समेत कई जिलों में हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। खासतौर पर अमन उर्फ शहजाद पर हत्या और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।
अमरोहा पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य संभावित अपराधियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में महिलाओं के साथ होने वाली लूट और छीना-झपटी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।