अमरोहा

अमरोहा में खाकी दागदार: 24 घंटे अवैध हिरासत और 1 लाख की वसूली, रिश्वत लेते ही थानाध्यक्ष सस्पेंड

Amroha News: अमरोहा में अवैध हिरासत और वसूली के गंभीर मामले में रहरा थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि पीड़ित से 1.35 लाख रुपये वसूले गए और उसे 24 घंटे से अधिक समय तक गैरकानूनी हिरासत में रखा गया।

2 min read
Mar 27, 2026
अमरोहा में खाकी दागदार..

Police extortion suspension case Amroha: अमरोहा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। थाना रहरा के थानाध्यक्ष बृजेश कुमार को अवैध हिरासत और वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद द्वारा की गई, जिन्होंने प्रारंभिक जांच में कर्तव्य में लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सस्पेंशन का आदेश दिया। यह मामला न केवल पुलिस की छवि पर सवाल उठाता है, बल्कि कानून व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर भी चिंता बढ़ाता है।

ये भी पढ़ें

हर हफ्ते 5 हजार की मांग, नहीं देने पर जानलेवा हमला: संभल में बदमाशों का आतंक, इलाके में दहशत

पीड़ित की शिकायत से खुला पूरा मामला

ग्राम परोरा निवासी रामदास की शिकायत के आधार पर यह पूरा मामला उजागर हुआ। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों जितेंद्र, रूपवती और मुकेश ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद 20 मार्च को थाना रहरा पुलिस ने रामदास को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस और आरोपियों की मिलीभगत से समझौते के नाम पर रामदास के परिवार से 1 लाख रुपये नकद और 35 हजार रुपये यूपीआई के जरिए वसूले गए।

जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

क्षेत्राधिकारी हसनपुर पंकज कुमार त्यागी की विस्तृत जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में पता चला कि आरोपी महिला रूपवती ने पहले किसी अन्य व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में सुनियोजित साजिश के तहत रामदास का नाम भी इस मामले में जोड़ दिया गया। यह भी पुष्टि हुई कि थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने रामदास को 24 घंटे से अधिक समय तक गैरकानूनी रूप से हिरासत में रखा और कथित समझौते के बाद ही उसे छोड़ा गया।

एसपी की सख्त कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया। साथ ही, वसूली में शामिल महिला रूपवती और जितेंद्र के खिलाफ थाना रहरा में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने इस पूरे प्रकरण में विभागीय जांच भी शुरू कर दी है, ताकि सभी दोषियों की जिम्मेदारी तय की जा सके।

घटना के बाद थानों में बड़ा फेरबदल

इस घटना के बाद जिले में पुलिस प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण तबादले भी किए हैं। इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान को रहरा थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। आदमपुर थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह को रजबपुर भेजा गया है, जबकि रजबपुर थाना प्रभारी कोमल तोमर को आदमपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से जनपदीय सोशल मीडिया सेल का प्रभारी बनाया गया है। इन बदलावों को पुलिस व्यवस्था को सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Also Read
View All

अगली खबर