
SP Game Over Brajesh Pathak Statement: अमरोहा जिले में उस समय प्रशासनिक हलचल देखने को मिली जब प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अचानक गजरौला पहुंचे। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया, मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई तथा दवाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार किया जाए।
डिप्टी सीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, उपचार व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जहां-जहां कमी पाई गई, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। उन्होंने साफ कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके बाद डिप्टी सीएम गजरौला स्थित कान्हा गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौवंश की देखभाल, चारे-पानी और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशाला संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने गौशाला में मौजूद गायों को अपने हाथों से गुड़ भी खिलाया, जिससे माहौल सकारात्मक नजर आया।
अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल थी और उस समय “वन डिस्ट्रिक्ट, वन अपराधी” जैसी स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में हालात खराब थे, गुंडागर्दी और जमीन कब्जों का बोलबाला था और महिलाओं की सुरक्षा तक खतरे में रहती थी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और इंफ्रास्ट्रक्चर वर्ल्ड क्लास स्तर पर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज” जैसी योजनाएं लागू हो रही हैं, जबकि पहले “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” का दौर था। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तीन गुना तक बढ़ चुकी है और सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
अपने संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए एक तंज कसा और उन्होंने कहा- “समाजवादी पार्टी का नारा था, खाली प्लॉट हमारा है।” यह बयान उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा। उन्होंने आगे कहा कि अब प्रदेश में कानून का राज पूरी तरह स्थापित है और विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।