Amroha News: यूपी के अमरोहा में एक बेसहारा सांड ने घर में सो रही 55 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के घर में दरवाजा और चहारदीवारी..
Bull trampled sleeping woman to death in amroha: अमरोहा जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दमगड़ा में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किसान हजारी सिंह की पत्नी विद्या देवी (55) अपने घर के आंगन में सो रही थीं। तभी एक बेसहारा सांड दरवाजे और चारदीवारी विहीन घर में घुस आया और सोती हुई महिला पर हमला कर दिया। सांड ने चारपाई समेत महिला को कई बार पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इस अचानक हुए हमले से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि बेसहारा पशुओं की वजह से पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार महिला की घर में सोते समय मौत ने सभी को झकझोर दिया है। ग्रामीण रात में घर के बाहर सोने से डरने लगे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, तहसील क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों में बेसहारा सांडों के हमलों में 20 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। लोगों ने बताया कि ऐसे जानवरों को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
मृतका विद्या देवी अपने पीछे सात बच्चे छोड़ गई हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुख और भय के माहौल में स्वजन ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आदमपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि महिला की मृत्यु के संबंध में थाने पर किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई है। इससे यह भी साफ होता है कि प्रशासन तक इस तरह की गंभीर घटनाएं नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे कार्रवाई और रोकथाम की उम्मीदें धूमिल होती जा रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे बेसहारा सांडों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। वरना ऐसी घटनाएं फिर से दोहराई जा सकती हैं, जिससे और लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।