Delhi Blast News: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में अमरोहा के अशोक कुमार की मौत हो गई, जबकि आगरा, गाजियाबाद और देवरिया के तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद यूपी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
Delhi blast amroha man killed: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए भीषण ब्लास्ट में उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के मंगरोला गांव के अशोक कुमार की मौत हो गई। अशोक दिल्ली के जगतपुर में किराए के मकान में करीब तीन साल से रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी सोनम, एक बेटा आरंभ (3 साल) और दो बेटियां आरोही (8 साल) व काव्या (5 साल) हैं।
मां हार्ट की मरीज हैं, इसलिए बेटे की मौत की खबर नहीं दी गई।अशोक कुमार के बड़े भाई सुभाष अपने गांव में ही खेती करते हैं। उनके पास करीब 7 बीघा जमीन है। मां सोमवती (65 साल) हार्ट पेशेंट हैं, इसलिए उन्हें बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। अशोक के पिता जगबंश सिंह की मौत 25 साल पहले बीमारी से हो चुकी थी।अशोक कुमार दीपावली पर अपने घर अमरोहा आए थे। वह डीटीसी बस के संविदा कर्मचारी थे। जब मृतकों की लिस्ट जारी हुई तो हसनपुर थाने के इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ अशोक के घर पहुंचे।
ब्लास्ट में देवरिया के शिवा जायसवाल, आगरा के पप्पू और गाजियाबाद के मोहम्मद दाउद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों को प्राथमिक इलाज दिया गया है और उनकी स्थिति पर आगे की चिकित्सा टीम नजर रखे हुए है। यूपी के इन जिलों में भी घटना को लेकर चिंता और सवाल बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में धमाका होने के तुरंत बाद यूपी सरकार ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन फील्ड में उतरकर सक्रियता बढ़ाए, अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। अयोध्या, मथुरा और काशी जैसे अतिसंवेदनशील धार्मिक क्षेत्रों में पुलिस की चहल-पहल और गश्त अचानक बढ़ गई है।
राज्य के कई प्रमुख शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंदिरों, बाजारों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। यातायात मार्गों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
सोमवार शाम 6 बजकर 55 मिनट पर लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पार्किंग में खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी जलकर राख हो गईं। इस विस्फोट में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है जबकि फॉरेंसिक विशेषज्ञ लगातार मौके पर सबूत जुटा रहे हैं। आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि धमाके के पीछे की मंशा और जिम्मेदार लोगों का पता लगाया जा सके। दिल्ली और मुंबई दोनों शहरों में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गई हैं।