
Anuppur Crime News: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गौरेला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही तीन वर्षीय मासूम बेटी को पानी में जहरीला पदार्थ पिला दिया। करीब 24 घंटे तक चले उपचार के बाद शुक्रवार शाम 7 बजे बच्ची की मौत हो गई। वहीं बेटी की मौत के बाद पिता ने भी देर रात घर में कीटनाशक दवा पी ली, पिता को तबीयत बिगड़ने पर परिजन गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।
केकरपानी गांव के रहने वाले मोहित सिंह गोंड की पत्नी सुशीला सिंह दीपावली से पहले धान की कटाई कराने के लिए मायके गई थी। 12 नवंबर की शाम को मोहित भी अपनी तीन साल की बेटी रुचिका को लेकर ससुराल गौरेला पहुंचा। बताया गया है कि ससुराल पहुंचने के बाद मोहित ने अपनी बेटी रुचिका से पानी मांगा, बेटी ने पानी लाकर दिया, मोहित ने कुछ पानी पिया और बचे पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर बेटी को पिला दिया।
शाम करीब 6 बजे जब रितिका की मां सुशीला और नानी सुमित्रा घर लौंटी तो रुचिका ने उन्हें बताया कि पापा ने पानी में दवाई मिलाकर पिलाई है। कुछ देर बाद रुचिका की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे जैतहरी सामुदायिक केन्द्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद रुचिका को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चल रहे इलाज के दौरान 13 नवंबर को शाम 7 बजे के आसपास रुचिका की मौत हो गई।
बच्ची रुचिका की मौत की खबर जब उसके बड़े पिता नेमू सिंह को लगी तो वो रात करीब 10 बजे घर पहुंचे और मोहित को घटना की जानकारी दी। उन्होंने मोहित से कहा कि ससुराल पक्ष के लोग तुम पर रुचिका को जहर पिलाने का आरोप लगा रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई हो सकती है। इसके बाद मोहित घबराकर कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। काफी प्रयास के बाद भी मोहित ने देर रात तक दरवाजा नहीं खोला। नेमू सिंह ने बताया कि रात करीब एक बजे मोहित ने खुद दरवाजा खोला और जमीन पर गिर पड़ा, उसने बताया कि उसने जहर पी लिया है। इसके बाद तुरंत अस्पताल लेकर आए जहां इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।