पर्यावरण दिवस पर हिंदुस्तान पॉवर परिवार ने ली पॉलिथीन बहिष्कार की शपथ
अनूपपुर. 'प्रगति के साथ पर्यावरण का बेहतर संतुलन हमारे चिंतन में शामिल होना चाहिए। धरती पर प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत इंसान है, इसलिए इस खतरे से लडऩे की जिम्मेवारी भी इंसान की है। हरियाली का दायरा बढ़ाना हम सभी का फर्ज है। यह बात अनूपपुर अपर कलेक्टर डॉ. आरपी तिवारी ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जैतहरी स्थित संचालित हिंदुस्तान पावर परिसर में आयेाजित पर्यावरण पखवाड़े के समापन कार्यक्रम के दौरान कही। समारोह के विशिष्ट अतिथि मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जोनल अधिकारी डॉ. आरएस परिहार ने पर्यावरण संरक्षण की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा हमें न सिर्फ प्लास्टिक का न्यूनतम इस्तेमाल करना चाहिए, बल्कि ऐसे अपशिष्ट से सीमेंट जैसे उद्योगों के लिए ऊर्जा उत्पादन की दिशा में भी ठोस कदम उठाना होगा। पर्यावरण वैज्ञानिक एसबी तिवारी ने पर्यावरण संरक्षण की अवधारणा सांझा की। इस मौके पर कंपनी के मुख्य सलाहकार (विद्युत संयंत्र परिचालन) वीके रेड्डी ने विद्युत उत्पादन में प्रदूषण दूर करने वाली प्रणालियों के इस्तेमाल और हरियाली विस्तार जैसे कदमों पर रोशनी डाली। प्लांट हेड और सीओओ बसंत कुमार मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण को औद्योगिक कार्य संस्कृति का अनिवार्य हिस्सा बताया।
19 मई से 6 जून तक आयोजित पखवाड़े का शुुभारंभ प्लास्टिक के बहिष्कार की शपथ और रैली के साथ हुआ। पर्यावरण थीम पर क्विज़, पेंटिंग, स्लोगन लेखन और संभाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। जबकि विद्युत उत्पादन में पर्यावरण संरक्षण के विशेष प्रयास के लिए सीएचपी विभाग को ट्राफी प्रदान की गई।
----------------
रुक जाना नहीं योजना की परीक्षा आज से
अनूपपुर. मप्र. राज्य ओपन स्कूल की कक्षा 10वीं व 12वीं एवं रूक जाना नहीं योजना की कक्षा 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं आगामी 9 जून से प्रारंभ होंगी। 9 जून से प्रारंभ हो रही परीक्षाओं में राज्य ओपन की कक्षा 10वीं एवं रूक जाना नहीं की कक्षा 10वीं का समय सुबह 8 से 11 बजे तक रहेगा। वहीं राज्य ओपन की कक्षा 12वीं एवं रूक जाना नहीं की कक्षा 12वीं का समय दोपहर 2 से 5 बजे तक रहेगा।
--------------
किरगी पंचायत सचिव को किया पद से पृथक
अनूपपुर. जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत किरगी के तत्कालीन सचिव वर्तमान सचिव ग्राम पंचायत लीलाटोला फूलचन्द्र सिंह मरावी को ग्राम पंचायत किरगी हरिजन बस्ती पीसीसी रोड निर्मित एवं निर्माणाधीन दुकानों का उन्नयन विरूद्ध आंवटन विधायक क्षेत्र विकास निधि संवेदनशील क्षेत्र विकास निधि निर्माण कार्यो की १३७२२४५१ (एक करोड़ सैतीस लाख बाईस हजार चार सौ इंक्यावन रूपए) के शासकीय राशि आहरण कर वित्तीय अनियमितता की जाए की पुष्टि पाए जाने पर जिपं सीईओ एवं विहित प्राधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने पद से पृथक करने की कार्रवाई की है।