
Anuppur News :मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कोतमा थाना इलाके के खोडरी गांव स्थित जर्राटोला पंचायत के आरोग्यधाम अस्पताल के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि, यहां दो बाइकों के बीच आमने - सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में चार साल के मासूम और उसके पिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चा और उसकी मां समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिजुरी थाना इलाके के छतई गांव में रहने वाले 34 वर्षीय खुमान सिंह अपनी पत्नी 30 वर्षीय ज्योति अगरिया और तीन बच्चों के साथ पिपरटोला, थाना बिजुरी से अपने गांव लौट रहे थे। बाइक पर एक ही परिवार के कुल पांच लोग सवार थे। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव में रहने वाले दो सगे भाई हीरा सिंह और अंतराज सिंह गोंड़ सवार थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि, बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में खुमान सिंह, उनके 4 साल के बेटे ऋषि सिंह और दूसरी बाइक पर सवार हीरा सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में खुमान सिंह की पत्नी ज्योति, 7 वर्षीय बेटा रितिक और दूसरी बाइक पर सवार अंतराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ढाई वर्षीय बच्चा अंश सुरक्षित रहा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी एम्बुलेंस को दी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस के न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ही निजी वाहनों की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर करा दिया गया। इधर, गंभीर रूप से घायल ज्योति, उनके बेटे रितिक और अंतराज को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए भी करीब तीन घंटे एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। पुलिस के लंबे प्रयासों के बाद सामुदायिक केंद्र पहुंची एंबुलेंस के पहुंचने के बाद जैसे तैसे तीनों घायलों को अनुपपुर जिला अस्पताल भेजा जा सका। बताया जा रहा है कि, तीनों घायलों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य और थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसपी अंकित सोनी ने बताया कि, हादसे की जानकारी लगते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, हालत गंभीर होने के कारण तीनों बोलने की स्थिति में नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।