
Anuppur Murder Case: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसनिहा के बरटोला में बुधवार दोपहर जमीनी विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के बीच हुई कहासुनी में चाचा ने भतीजे की हत्या कर दी। चाचा ने टांगी से हमला कर अपने 48 वर्षीय भतीजे प्रमोद सिंह मरावी की हत्या की और फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी 50 वर्षीय दल सिंह मरावी फरार हो गया है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, चाचा-भतीजे के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोपी चाचा दल सिंह को अपने हिस्से में अतिरिक्त जमीन मिलने की उम्मीद थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी। अंदेशा है कि दोनों के बीच एक बार फिर दोपहर में जमीन की बात को लेकर विवाद हुआ और इसी विवाद के दौरान आरोपी ने भतीजे की हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बाइक से अपने खेत गए थे। वहां उन्होंने हरियाली पर्व मनाया और इसके बाद चाचा के घर लौट आए। घर पहुंचने के बाद दोनों ने खाना-पीना किया। इसी दौरान जमीन के बंटवारे को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दल सिंह ने पास रखी टांगी उठाकर प्रमोद पर हमला कर दिया। आरोपी ने प्रमोद के सिर, चेहरे और गर्दन पर कई वार किए, गर्दन पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घर के अन्य सदस्यों ने खून देखकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राजेंद्रग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम भेज दिया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बरकरे ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है और मामले की जांच जारी है।