
Anuppur News:मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अंतर्गत आने वाले पुष्पराजगढ़ से कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने आदिवासी समाज की लगातार घटती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए परिवारों से कम से कम पांच-पांच बच्चे पैदा करने की अपील की है। जिले के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दूधी के ग्राम हर्रा में बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विशेष रूप से बैगा, सहरिया और भूमिया जनजातियों की घटती आबादी का मुद्दा उठाते हुए चिंता व्यक्त की। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल आदिवासी समाज के लोगों से बड़ी अपील भी की है।
विधायक मार्को ने कहा कि, इन जनजातियों की जनसंख्या लगातार कम होती जा रही है। आगामी जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद आदिवासी समाज को अपनी वास्तविक जनसंख्या की स्थिति का पता चल जाएगा। उन्होंने नसबंदी के मुद्दे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, शासन के द्वारा नसबंदी योजनाओं का लक्ष्य भी आदिवासी समाज के लोगों से ही पूरा किया जाता है, जबकि अन्य समाज के लोग इसका पालन नहीं करते हैं। जबकि मौजूदा समय में समाज को अपनी जनसंख्या बढ़ाने की खासा जरूरत है।
अपने संबोधन के दौरान विधायक ने आगामी दिनों में विवाह करने वाले युवाओं और आदिवासी परिवारों से कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की है। उनके इस बयान को लेकर जब सवाल किया गया कि, उनके खुद के महज दो बच्चे हैं और वे दूसरों को पांच बच्चे पैदा करने की सलाह दे रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपना परिवार बढ़ाया था, उस समय आदिवासी समाज की जनसंख्या की स्थिति बेहतर थी। लेकिन मौजूदा समय में जनसंख्या दर लगातार घट रही है, जिसके चलते इसपर गंभीर होना जरूरी है।
विधायक फुंदेलाल मार्को ने आशंका जताई कि, आदिवासी जनसंख्या में गिरावट का असर भविष्य में आरक्षण के साथ-साथ समाज की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि, धीरे-धीरे आदिवासी अल्पसंख्यक होने की कगार पर पहुंच सकते हैं। अगर भविष्य को लेकर अभी से नहीं चेते तो परिणाम आदिवासी समाज के लिए बेहतर नहीं होंगे।