अशोकनगर

Ashoknagar Congress : दिग्विजय सिंह की पदयात्रा से कांग्रेस दोफाड़, पार्टी के कई बड़े नेताओं को ही किया दरकिनार

Ashoknagar Congress : दिग्विजय सिंह का खुलासा: कांग्रेस में आने से पहले पढ़ीं आरएसएस, गांधी, सावरकर, गोलवलकर व अंबेडकर की किताबें, 1972 में राजमाता सिंधिया मुझे जनसंघ में लाना चाहती थीं, गोविंदनारायण कांग्रेस में, विचारधारा नहीं जंची तो नहीं गए जनसंघ में
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 8:49 AM IST
Digvijaya Singh
दिग्विजय सिंह (फोटो सोर्स: Patrika)

Ashoknagar Congress : पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या के लिए सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा के साथ वे गुरुवार रात अशोकनगर जिले के सोवत पहुंचे। यहां दिग्विजयसिंह ने सभा को संबोधित करते हुए अपने राजनीतिक जीवन के पुराने पन्नों को पलटा और ऐसे अनसुने किस्सों को लोगों के बीच में रखा, जिन्हें शायद ही पहले कभी सुना गया हो। उन्होंने सन 1972 का किस्सा सुनाते हुए बड़ा खुलासा किया। दिग्विजय सिंह बोले कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया मुझे जनसंघ में लाना चाहती थीं पर मैंने आरएसएस की किताबें पढ़ीं। उनकी विचारधारा नहीं जंची। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की पदयात्रा में अशोकनगर कांग्रेस दोफाड़ होती दिखी। यहां लगाए बैनर पोस्टर्स में जिलाध्यक्ष सहित कई बड़े नेताओं को ही दरकिनार कर दिया गया।

सभा में दिग्विजय सिंह बोले: लोग पूछते हैं कि 80 की उम्र में उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा क्यों कर रहे हैं। मैं 1972 में कांग्रेस में शामिल हुआ। उस समय राजमाता विजयाराजे सिंधिया मुझे जनसंघ में लाना चाहती थीं, जबकि गोविंद नारायण कांग्रेस में। मैंने आरएसएस, महात्मा गांधी, सावरकर, गोलवलकर, डॉ.अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू की किताबें पढ़ीं, लेकिन मुझे जनसंघ की विचारधारा नहीं जंची।

बचपन से बोर्डिंग में रहा, हिंदू-मुसलमान में भेद नहीं किया

मैं बचपन से बोर्डिंग में रहा, वहां सभी धर्म के लोग रहते थे। मैंने कभी हिंदू- मुसलमान में भेद नहीं किया। कांग्रेस का मतलब है जहां सभी धर्मों का सम्मान हो, सर्वधर्म समभाव ही सत्य-सनातन है। उन्होंने धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो के जयकारे भी लगवाए।

भाजपा पर हमला:

मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार और चढ़ावे में चोरी पूर्व सीएम ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा राम मंदिर के लिए हम सबने चंदा दिया, लेकिन निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया और चढ़ावे में चोरी की गई। यह वोट चोर और चंदा चोर दोनों हैं। उन्होंने भाजपा को झूठ बोलने में उस्ताद बताते हुए कहा कि ये सही को झूठ और झूठ को सही साबित करने में माहिर हैं, इसलिए मेरे मन में उनके लिए कभी सम्मान नहीं रहा।

सनातन में वर्ण व्यवस्था जन्म से नहीं, कर्म से थी

सनातन धर्म की व्याख्या करते हुए दिग्विजय बोले कि वर्ण व्यवस्था जन्म से नहीं, कर्म से थी, गीता व वेदों में भी उल्लेख है। उन्होंने कहा कि समाज ने अनुसूचित जाति-जनजाति का शोषण किया, उन्हें आगे बढऩे का मौका नहीं मिला। इसलिए गांधी-नेहरू ने बाबा साहब को संविधान लिखने चुना। आजादी की लड़ाई में हिंदू-मुस्लिम का बराबर खून बहा है। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा गरीबों को दिए पट्टों को भाजपा सरकार निरस्त कर रही है, यह लड़ाई हमें लडऩी होगी। साथ ही दिल्ली में संघर्ष कर रहे राहुल गांधी को समर्थन देने की बात कही।

यात्रा आज अशोकनगर शहर में प्रवेश करेगी। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद यह यात्रा चंदेरी क्षेत्र के लिए निकल जाएगी, इसकी सभी तैयारियां हो चुकी हैं। सोवत गांव से शुक्रवार को यात्रा सात गांवों में होते हुए पिपरिया राय गांव में रुकी, इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

यात्रा के बैनरों में दिखी कांग्रेस की गुटबाजी

यात्रा की जगह- जगह स्वागत की तैयारी है। यात्रा के आगमन पर कांग्रेस ने शहर में कई बैनर-पोस्टर लगाए हैं। एक तरफ दिग्विजय सिंह यात्रा के जरिए सर्वधर्म समभाव का संदेश दे रहे हैं, वहीं जिले में प्रवेश करते ही होर्डिंग-बैनरों में कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हो गई। स्वागत पोस्टरों से कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाह की ही फोटो नदारद है। बैनरों में पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व व वर्तमान विधायक के फोटो तो चमके, लेकिन जिलाध्यक्ष को गायब कर दिया गया।

Updated on:
14 Nov 2026, 8:49 AM IST
Published on: