
Chanderi Temple Treasure Mystery: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी में पिछले तीन महीनों से बिहारी जी के मंदिर के खजाने को लेकर जो तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं, उन चर्चाओं पर शनिवार को उस वक्त विराम लग गया, जब प्रशासन की मौजूदगी में हुई खुदाई में खजाने के रहस्य का पटाक्षेप हो गया। बिहारी जी मंदिर परिसर की पुरानी दुकानों में खजाना मिलने की अफवाह पर शनिवार को प्रशासन की मौजूदगी में हुई खुदाई में बंद कमरे से सोने-चांदी के बजाय केवल मिट्टी और पत्थर ही हाथ लगे।
मामले की शुरुआत करीब तीन महीने पहले मंदिर परिसर की दुकानों के जीर्णोद्धार के दौरान हुई थी। दुकानों के जीर्णोद्धार के काम के बीच अचानक पूरे शहर में यह खबर आग की तरह फैल गई कि खुदाई में कोई बड़ा खजाना दबा मिला है। अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चार-पांच दिन बाद मौके का निरीक्षण किया था और एहतियात के तौर पर संदिग्ध कमरे को सील कर दिया था। इतना ही नहीं किसी भी तरह की छेड़छाड़ रोकने के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए गए थे।
मंदिर के खजाने की गुत्थी को सुलझाने के लिए शनिवार को राजस्व, पुरातत्व विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में सील कमरे को खोला गया और बारीकी से खुदाई कराई गई। इस दौरान अंदर एक हौदीनुमा चौकोर गड्ढा नजर आया, जिसे देखकर एक बार फिर उत्सुकता बढ़ गई। हालांकि, जब टीम ने गड्ढे को और गहरा खोदा, तो अंदर से खजाने के बजाय सिर्फ मिट्टी और पत्थर ही निकले। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई के बाद तीन महीने से चंदेरी की गलियों और चौपालों में चल रही खजाने की कहानियों, अटकलों और अफवाहों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है।