अशोकनगर

अशोकनगर में पति ने तोड़ा 7 फेरों का भरोसा, पत्नी को दिखा धोखा, अब जेल में कटेंगे 20 साल

Court Decision: द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने फैसला सुनाया है। दोनों दोषियों पर 26-26 हजार का जुर्माना भी भरना होगा। डीएनए और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने दिलाई सजा।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 3:25 PM IST
पत्नी के कमरे में पति और ममेरा भाई , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
पत्नी के कमरे में पति और ममेरा भाई , प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)

Ashoknagar news: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में विवाह के पवित्र बंधन और विश्वास को तार-तार करने वाले एक जघन्य मामले में अशोकनगर की अदालत ने कड़ा और नजीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है। अपनी ही पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट करने के दोषी पति तथा उसके ममेरे भाई को 20-20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों दोषियों पर 26-26 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है और पीड़िता के पुनर्वास के लिए मुआवजा दिलाने की अनुशंसा की है।

ये है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक घटना 22-23 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी जिले के कचनार थाना क्षेत्र के एक गांव में रात की है। एक पति ने अपनी पत्नी की इच्छा और सहमति के विरुद्ध अपने ममेरे भाई रविशंकर तिवारी पिता गयाप्रसाद तिवारी निवासी ग्राम करैयाहाट थाना दीपनाखेड़ा जिला विदिशा के साथ मिलकर पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया। जब पत्नी ने इसका विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए थाना कचनार में रिपोर्ट दर्ज कराई, इससे पुलिस ने गंभीर धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली थी।

डीएनए और फॉरेंसिक जांच से सिद्ध हुआ अपराध

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए कचनार पुलिस ने सटीक और वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की। पुलिस ने न केवल पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय परीक्षण कराए, बल्कि घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य और वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और डीएनए परीक्षण की रिपोर्ट ने अभियोजन के पक्ष को इतना मजबूत कर दिया कि अदालत में दोषियों के बचने का कोई रास्ता नहीं बचा। जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों को विवेचना का अहम आधार बनाया। हर तथ्य और साक्ष्य को कानूनी प्रक्रिया के तहत संकलित कर केस डायरी में शामिल किया गया। वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ पीड़िता के बयानों का भी गहन परीक्षण किया गया। पुलिस की इसी तथ्यपरक जांच ने आरोपियों के खिलाफ आरोपों को प्रमाणित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे न्यायालय के सामने अपराध की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकी।

पीड़िता को मिलेगा आर्थिक संबल

अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि दोषियों द्वारा जमा की जाने वाली अर्थदंड की संपूर्ण राशि अपील अवधि समाप्त होने के बाद पीड़िता को उसके चिकित्सकीय व्यय और पुनर्वास के लिए दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, न्यायालय ने मध्यप्रदेश पीड़ित प्रतिकर योजना 2015 के तहत पीड़िता को अतिरिक्त आर्थिक सहायता दिलाने की अनुशंसा भी की है।

Updated on:
23 Nov 2026, 3:25 PM IST
Published on: