अशोकनगर

‘मेरी छोटी सी बच्ची है, कोई तो मेरी बात सुन ले…’ अशोकनगर की महिला SI ने बनाया वीडियो

Female SI: महिला SI ने वीडियो बनाकर बताई परेशानी, बोलीं- कई महीनों से अपनी रीढ़ की हड्डी के दर्द से परेशान हूं, एसपी से लेकर PHQ तक गुहार लगा चुकी हूं, एसपी ने करीब 5 महीने की सैलरी रोक दी है।
3 min read
SI Pooja Raghuvanshi
SI Pooja Raghuvanshi (Source- Patrika And @AnsHi_0X)

Female SI Pooja Raghuvanshi: मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में पुलिस विभाग में तैनात एक महिला सब इंस्पेक्टर ने वीडियो बनाकर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में महिला सब इंस्पेक्टर अपनी बीमारी के बारे में बता रही हैं और उनका कहना है कि वो अपनी समस्या एसपी से लेकर पीएचक्यू तक बता चुकी हैं लेकिन कोई उनकी समस्या नहीं समझ रहा है। इतना ही नहीं महिला एसआई ने एसपी पर करीब 5 महीने की सैलरी रोकने का आरोप भी लगाया है। वहीं अशोकनगर एसपी का इस पूरे मामले पर कहना है कि 'ड्यूटी से गैर हाजिर रहकर इस तरह से वीडियो बनाकर ये सब कहना, इससे बेहतर है कि वो ड्यूटी ज्वाइन करें, अपना आवेदन दें, अपने दस्तावेज दें और उन दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए साथ ही उनकी समस्या को दृष्टिगत रखते हुए उचित निराकरण उनका किया जाए। '

मुझे रीढ़ की हड्डी में दर्द है- महिला एसआई

वीडियो बनाने वाली महिला एसआई का नाम पूजा रघुवंशी है, जो वीडियो सामने आया है उसमें वो कह रही हैं- 'कार एक्सीडेंट होने के कारण मेरी स्पाइन में फ्रैक्चर आया था, जिसके बाद मैं एक साल तक बेड रेस्ट पर रही थी। लेकिन तब कुछ टाइम बाद मेरा दर्द ठीक हो गया था, पर पिछले 7-8 महीने से मेरी स्पाइन में बहुत ज्यादा दर्द हो रहा है और उसे मैं सहन भी नहीं कर पा रही हूं। जिसके कारण मैं पिछले 5-6 महीने से मेडिकल पर हूं और डॉक्टरों के चक्कर लगा रही हूं। मेरी इसी समस्या के चलते मैं लगातर अधिकारियों के सामने निवेदन कर रही हूं, मैं एसपी साहब से लेकर पीएचक्यू के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी समस्या रख चुकी हूं और मैं बार-बार इतना निवेदन कर रही हूं।'

देखें वीडियो-

ऑफिस ड्यूटी देने की मांग

वीडियो में SI पूजा रघुवंशी ने आगे कहा- 'मैंने कभी भी अपनी ड्यूटी से बचने की मांग नहीं की है, मैं आज भी पूरी निष्ठा से ड्यूटी करना चाहती हूं, जो मैंने पहले भी की है। लेकिन लगातार भारी ड्यूटी और फील्ड ड्यूटी करना मेरे लिए कठिन है। मैं कई बार आवेदन दे चुकी हूं, मैं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से सिर्फ इतना कहना चाहती हूं, हाथ जोड़कर निवेदन है कि मेरी समस्या को समझिए, मेरी मेडिकल कंडीशन को देखते हुए मुझे कोई ऑफिस पोस्टिंग दे दीजिए। प्रॉब्लम ये है कि मेरे द्वारा बार-बार निवेदन करने के बाद भी मेरा इतना सा छोटा काम नहीं कर पा रहे हैं।

'एसपी ने सैलरी रोकी, मेरी बच्ची छोटी है, मेरी बात सुन लीजिए'

वीडियो में महिला एसआई ने आगे कहा- 'जिला अशोकनगर साहब राजीव कुमार ने मेरी 5 महीने से सैलरी रोक कर रखी है। मेरी बच्ची छोटी है, मैं ऐसा कभी नहीं करना चाहती थी, लेकिन मैं अपनी बात पब्लिकली रखने को मजबूर हो गई हूं, प्लीज मेरी बात सुन लीजिए।'

एसपी बोले- 'ड्यूटी ज्वाइन करें, अपना आवेदन और दस्तावेज दें'

एसआई पूजा रघुवंशी की ओर से जारी किए गए वीडियो के बाद एसपी राजीव कुमार ने कहा है कि- पूजा रघुवंशी लगभग 7 महीने से ड्यूटी पर नहीं हैं, ड्यूटी से गायब हैं और इस गैरहाजिरी की अवधि में उन्होंने अपने मेडिकल के कागजात भेजे थे। जिसमें उनके द्वारा रीढ़ की हड्डी में समस्या बताई गई थी, उनकी गैर हाजिरी के दो महीने बाद मेडिकल पक्ष के समक्ष उनको बुलाया गया था। तब उनका मेडिकल बोर्ड में परीक्षण भी हुआ और मई के महीने में 10 दिन का आराम करने की सलाह पूजा रघुवंशी को दी थी, फिर ड्यूटी ज्वाइन करने की बात भी कही थी। लेकिन उसके बाद से अब तक पूजा रघुवंशी ड्यूटी पर नहीं लौटीं हैं और लगातार गैर हाजिर हैं, हालांकि उनके मेडिकल के कागजात जरुर आते रहे हैं, लेकिन एक बार भी वो खुद समक्ष प्रस्तुत नहीं हुई हैं। अब जो उनके द्वारा वीडियो बनाकर बातें कहीं गई हैं, उसके बारे में मैं इतना ही कहना चाहूंगा कि 'ड्यूटी से गैर हाजिर रहकर इस तरह से वीडियो बनाकर ये सब कहना, इससे बेहतर है कि वो ड्यूटी ज्वाइन करें, अपना आवेदन दें, अपने दस्तावेज दें और उन दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए साथ ही उनकी समस्या को दृष्टिगत रखते हुए उचित निराकरण उनका किया जाए। '

Updated on:
03 Sept 2026 06:31 pm
Published on:
03 Sept 2026 05:50 pm