
Ashoknagar Bike Theft Case: मध्यप्रदेश के अशोकनगर में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोर के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत की 20 चोरी की बाइकें बरामद की हैं। आरोपी मध्यप्रदेश के कई जिलों के अलावा राजस्थान में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई थी, तब शहर की तायड़े कॉलोनी निवासी रामनिवास रघुवंशी काम से न्यायालय परिसर में गए थे। उन्होंने अपनी बाइक एमपी 67 जेडबी 1025 अशोकनगर के न्यायालय परिसर में पार्क की थी जो चोरी हो गई थी। पीड़ित ने पुलिस में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई और जब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की तो जल्द ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बाइक चोरी के आरोपी में सिरिया मीना (40) को गिरफ्तार किया। आरोपी गुना जिला के राघोगढ़ थाना इलाके के दीतलवाड़ा गांव का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी सिरिया मीना से पूछताछ की तो उसने अशोकनगर न्यायालय परिसर से बाइक चोरी करने के साथ ही गुना, अशोकनगर, भोपाल, शिवपुरी, राजगढ़ और राजस्थान के कई इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल 20 चोरी की बाइकें जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य चोरी की वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।