अशोकनगर

रेलवे का बड़ा बदलाव: 23 नवंबर से 6 ट्रेनें प्रभावित, कोटा स्टेशन के बजाय सोगरिया से चलेंगी

Railway Station Block : कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान अशोकनगर रूट की छह ट्रेनें प्रभावित होंगी। बीना-कोटा मेमू सोगरिया तक चलेगी, जबकि जोधपुर और दयोदय एक्सप्रेस बायपास मार्ग से गुजरेंगी।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 3:53 PM IST
Railway Station Block
रेलवे का बड़ा बदलाव (फोटो सोर्स: Patrika File)

Ashoknagar News :मध्य प्रदेश में खासतौर पर अशोकनगर जिले से राजस्थान की ओर यात्रा पर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर चल रहे पुनर्विकास के काम के चलते रेलवे ने आगामी 23 नवंबर से लेकर 7 दिसंबर तक 15 दिनों का ब्लॉक लेने का फैसला लिया है। इस दौरान अशोकनगर रूट से गुजरने वाली 6 प्रमुख ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें बीना-कोटा मेमू, भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस और दयोदय एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन बदले हुए मार्ग से किया जाएगा। कुछ ट्रेनों का संचालन कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से किया जाएगा, जबकि चार ट्रेनें बायपास मार्ग से गुजरेंगी।

इस संबंध में कोटा के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन का कहना है कि, ब्लॉक अवधि में दो ट्रेनों को सोगरिया स्टेशन से संचालित किया जाएगा। वहीं, चार ट्रेनों को सोगरिया-चंबल केबिन-गुरला मार्ग से बायपास निकाला जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों को सोगरिया स्टेशन पर 10 मिनट का अस्थायी ठहराव भी दिया गया है।

सोगरिया स्टेशन पर समाप्त होगी मेमू की यात्रा

23 नवंबर से 7 दिसंबर तक गाड़ी नंबर 61634 बीना-कोटा मेमू कोटा स्टेशन के बजाय सोगरिया स्टेशन पर ही अपनी यात्रा खत्म करेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी नंबर 61633 कोटा-बीना मेमू कोटा के स्थान पर सोगरिया स्टेशन से दोपहर 3:20 बजे रवाना होगी। ऐसे में कोटा तक यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।

जोधपुर, दयोदय एक्सप्रेस का रूट बदलेगा

ब्लॉक के दौरान चार एक्सप्रेस ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं जाएंगी। इनमें गाड़ी नंबर 14814 भोपाल-जोधपुर और गाड़ी नंबर 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक बायपास मार्ग से चलेंगी।

वहीं गाड़ी नंबर 12181 जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक और गाड़ी नंबर 12182 अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा स्टेशन के बजाय सोगरिया-चंबल केबिन-गुरला मार्ग से गुजरेंगी।

यात्रियों से अपील

इन चारों ट्रेनों को सोगरिया स्टेशन पर 10 मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। रेलवे के इस बदलाव के चलते यात्रियों से अपील की गई है कि, यात्रा पर जाने से पहले ट्रेन के मार्ग और ठहराव की जानकारी जरूर देख लें।

Updated on:
21 Nov 2026, 3:53 PM IST
Published on: