अशोकनगर

‘प्रोडक्ट लाइक करो, रोज 3000 कमाओ’, अशोकनगर में नए तरीके से ठगाया युवक, लाखों का लगा चूना

New Style Cyber Fraud: घर बैठे ही रोजाना दो हजार से तीन हजार रुपए कमाने का लालच देकर अशोकनगर के एक युवक को साइबर ठगों ने 1.20 लाख रुपए का चूना लगा दिया।

2 min read
Jun 13, 2026
New Style cyber fraud whatsapp job scam ashoknagar youth lost 1 lakh 20 thousand
New Style cyber fraud: अशोकनगर में युवक के साथ नए तरीके की साइबर ठगी (फोटो सोर्स- Freepik)

Whatsapp Job Scam: इस डिजिटल दौर में जहां इंटरनेट और सोशल मीडिया लोगों को एक दूसरे से मिलाया है तो वहीं नए प्रकार के अपराधों को भीं जन्म दिया है। डिजिटल युग में घर बैठे आसानी से पैसे कमाने का लालच एक पल में आपकी जीवनभर की कमाई खत्म कर सकता है, इसका उदाहरण मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से सामने आया है। घर बैठे ही रोजाना दो हजार से तीन हजार रुपए कमाने का लालच देकर एक युवक को साइबर ठगों ने 1.20 लाख रुपए का चूना लगा दिया। यह पैसे युवक के खून-पसीने की कमाई थी जिसे उसने चंद पैसों के लालच में गवां दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

व्हाट्सएप मैसेज में मैसेज कर युवक को झांसे में फंसाया

साइबर ठगी (Cyber Fraud) का यह मामला 7 जून का बताया जा रहा है। बमूरिया दांगी गांव निवासी 25 वर्षीय मोनू पिता अशोक सिंह दांगी को व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने अपना नाम काव्या बताकर मिन्त्रा कंपनी (Myntra) की कर्मचारी होना बताया। जिसने मोनू से कहा कि तुम्हे सोशल मीडिया पर कंपनी के प्रोडक्ट लाइक करने हैं, जिसके बादले में कंपनी तुम्हे रोजाना दो से तीन हजार रुपए देगी। मोनू ने सहमति दी तो काव्या ने एक लिंक भेजी और नाम, पता, उम्र और जिला पूछा। प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद, काव्या ने मोनू को टेलीग्राम पर मोनिका मिश्रा नाम की आइडी भेजी।

टेलीग्राम पर रजिस्ट्रेशन और फिर शुरु हुई लूट

टेलीग्राम पर मोनिका मिश्रा ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा और उस पर रजिस्ट्रेशन करने कहा। जहां सबसे पहले मोनू से एक खाते में 19999 रुपए ट्रांजेक्शन कराए गए। इसके बाद तीन बार तीन अलग-अलग खातों में 20-20 हजार रुपए, एक खाते में 25 हजार, एक बार 10 हजार और एक बार 5500 रुपए ट्रांजेक्शन करा लिए गए। भरोसा करके मोनू रोजाना दो से तीन हजार रु.कमाई के लालच में ट्रांजेक्शन करता रहा और 7 बार में उसके खाते से एक लाख 20 हजार 499 रुपए ट्रांजेक्शन करा लिए गए। जब उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो शनिवार को देहात पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत की, पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर मामले को जांच शुरू कर दी है।

पत्रिका सलाह: बिना पुख्ता जानकारी क्लिक न करें अंजान लिंक

इंटरनेट पर पार्ट-टाइम जॉब, प्रोडक्ट लाइक करने या वीडियो देखने के बदले हजारों रुपए रोजाना देने वाले ऐसे ऑफर अमूमन साइबर ठगों का बिछाया जाल होते हैं। बिना किसी पुख्ता जानकारी के किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी को भी यूपीआई से पैसे न भेजें। सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।

Published on:
13 Jun 2026 06:28 pm