
MEMU train Ashoknagar: कोरोना काल के बाद से बीना की ओर जाने के लिए रात में सवा पांच घंटे तक कोई ट्रेन नहीं है, लेकिन अब अशोकनगर और गुना जिले के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मिलने वाली है। लंबे इंतजार के बाद अब 27 जून से बीना-रुठियाई-बीना मेमू ट्रेन अपना दूसरा फेरा शुरू करने जा रही है। क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शुरू हो रही इस सेवा से अंचल के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
रेलवे बोर्ड द्वारा पूर्व में ही इस ट्रेन के फेरे बढ़ाने की स्वीकृति दे दी गई थी। अब इस निर्णय को अमलीजामा पहनाया जा रहा है, जिससे रात 8:15 बजे से डेढ़ बजे के बीच बीना जाने वाली ट्रेन न होने की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी।
आधिकारिक पुष्टि करते हुए भोपाल रेल मंडल के पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि इस ट्रेन का दूसरा फेरा शनिवार से शुरू होने जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी है कि शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और इसी के साथ ट्रेन का दूसरा फेरा शुरू हो जाएगा।
यात्रियों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि यह मेमू ट्रेन रुठियाई से बीना के बीच सभी रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इससे न केवल जिला मुख्यालय बल्कि इस रूट पर पड़ने वाले सभी छोटे कस्बों और गांवों के यात्रियों को भी रात के समय रेल सुविधा मिल सकेगी। हालांकि, रेलवे सूत्रों के बीच इस बात की भी सुगबुगाहट है कि रात में रुठियाई से बीना जाने वाली इस ट्रेन के समय में कुछ बदलाव किए जा सकते है।