
Ashoknagar Wife Facebook Love Affair: सोशल मीडिया का प्यार जब सिर चढ़कर बोलता है, तो असल जिंदगी के मजबूत रिश्ते भी ताश के पत्तों की तरह ढह जाते हैं। इसका उदाहरण मध्य प्रदेश के अशोकनगर शहर के बिलाला मिल रोड पर देखने मिला। यहां फेसबुक पर हुए प्यार की खातिर एक पत्नी ने अपने 14 साल पुराने वैवाहिक जीवन को ईटों से कुचल दिया। प्रेमी के साथ जाने की जिद में पत्नी ने न सिर्फ पति पर हमला किया, बल्कि घर और गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ भी की। सड़क से लेकर थाने तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का अंत आखिरकार दोनों के तलाक की सहमति पर समाप्त हुआ।
शहर की बिलाला मिल रोड कॉलोनी क्षेत्र दीपक जैन की कटनी निवासी युवती से 20 जनवरी 2012 को शादी हुई थी। 14 सालों तक जीवन की गाड़ी पटरी पर थी, लेकिन पति दीपक के मुताबिक करीब 7 महीने पहले उनकी पत्नी की जिंदगी में फेसबुक के जरिए गुना के एक युवक की एंट्री हुई। यह डिजिटल संपर्क जल्द ही गहरे प्रेम प्रसंग में बदल गया और यहीं से इस हंसते-खेलते परिवार में कलह शुरू हो गई।
पति का आरोप है कि उसकी जब चाहे मां की कहकर प्रेमी के पास रहने चली जाती थी। जब 27 जुलाई को वह लौटी, तो विवाद करना शुरू कर दिया। उसने घर में दीपक को बंधक बनाकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। साथ ही प्रेमी से पिटवाने की भी धमकियां देने लगी। हैरानी की बात यह है कि जब उसकी मां कटनी से आई तो उसने अपनी मां से भी मारपीट की। साथ ही शुक्रवार सुबह पत्नी ने पति पर ईंटों से हमला कर दिया। घर और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, जिससे पूरे मोहल्ले में दहशत और हंगामे का माहौल बन गया।
मोहल्ले में मचे बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने के भीतर करीब तीन घंटे तक आरोपों और प्रत्यारोपों का दौर चलता रहा। घंटों की समझाइश और तीखी नोकझोंक के बाद अंततः दोनों को यह अहसास हो गया कि अब इस रिश्ते की डोर टूट चुकी है। दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया और कोर्ट में विधिवत तलाक की अर्जी दाखिल करने पर राजी हो गए। इस तरह एक सोशल मीडिया अकाउंट की फ्रेंड रिक्वेस्ट ने 12 साल पुराने रिश्ते को हमेशा के लिए अनफ्रेंड कर दिया।